उत्तराखंड

उत्तराखंड में बारिश का कहर! बाढ़ का बढ़ा खतरा, चारधाम समेत 11 जिलों में अलर्ट; नदियों का जलस्तर बढ़ा

देहरादून: उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश ने कई इलाकों में मुश्किलें बढ़ा दी हैं। मौसम विभाग ने मंगलवार को राज्य के 11 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। चारधाम यात्रा मार्ग समेत कई पर्वतीय क्षेत्रों में मध्यम से भारी बारिश और गरज-चमक के साथ तेज बारिश के दौर की आशंका जताई गई है। कई स्थानों पर बाढ़ का खतरा भी बना हुआ है, जिसके चलते राज्य आपदा प्रबंधन टीम को अलर्ट पर रखा गया है।

देहरादून के कारगी क्षेत्र के चांदचक में सोमवार तड़के तेज बारिश के बीच एक मकान गिर गया। स्थानीय निवासी बुशरा शेख अपने तीन बच्चों के साथ मकान में रह रही थीं। नाले के तेज बहाव से मकान को नुकसान की आशंका को देखते हुए वह बच्चों के साथ पहले ही बाहर निकल गई थीं। इसके कुछ मिनट बाद मकान ढह गया। परिवार के सभी सदस्य सुरक्षित बच गए, लेकिन घर में रखा सामान और जरूरी कागजात बह गए। फिलहाल परिवार पड़ोसी के घर रह रहा है और जिला प्रशासन तथा जनप्रतिनिधियों की ओर से सहायता दी जा रही है।

चारधाम समेत इन इलाकों में तेज बारिश का खतरा

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार अगले कुछ घंटों में बागेश्वर, चमोली, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग और उत्तरकाशी के कई हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। केदारनाथ, बदरीनाथ, यमुनोत्री, गंगोत्री, चिरबासा, सोनप्रयाग, ऊखीमठ, गोविंदघाट, जोशीमठ, अगस्त्यमुनि, कर्णप्रयाग, थराली, कपकोट, बदियाकोट, लप्सा, रिलकोट, दारमा, डीडीहाट, बेरीनाग और मुनस्यारी समेत आसपास के क्षेत्रों में गरज के साथ बारिश के तेज से अति तीव्र दौर की संभावना है।

देहरादून समेत नौ जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट

मंगलवार को उत्तराखंड के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। मौसम निदेशक डॉ. सीएस तोमर के मुताबिक, उत्तरकाशी, पौड़ी, हरिद्वार, रुद्रप्रयाग, चमोली, देहरादून, टिहरी, नैनीताल और बागेश्वर में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

पर्वतीय जिलों और हरिद्वार में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने तथा बारिश के तेज से अति तीव्र दौर की आशंका है। ऊधमसिंह नगर में भी बिजली चमकने और गरज के साथ बारिश को लेकर चेतावनी जारी की गई है।

नीती घाटी में बैली ब्रिज बहा, अलकनंदा का जलस्तर बढ़ा

नीती घाटी में बैली ब्रिज बहने के बाद अलकनंदा नदी का जलस्तर बढ़ गया है। इसके चलते रुद्रप्रयाग में लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। लगातार बारिश के बीच नदी और बरसाती नालों के आसपास रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ गई है।

बारिश के बाद स्कूल में भरा पानी, बच्चों को ग्रामीणों ने निकाला

विकासनगर तहसील के पश्चिमीवाला स्थित प्राथमिक विद्यालय में सोमवार को भारी बारिश के बाद जलभराव हो गया। छुट्टी के समय स्कूल परिसर में इतना पानी भर गया कि बच्चों का बाहर निकलना मुश्किल हो गया। ग्रामीणों के अनुसार, छात्रों की परेशानी की जानकारी शिक्षा विभाग के ब्लॉक अधिकारी को दी गई थी, लेकिन मौके पर कोई अधिकारी नहीं पहुंचा।

हालात बिगड़ने पर ग्रामीणों ने खुद जिम्मेदारी संभाली और बच्चों को पानी के बीच से सुरक्षित बाहर निकाला।

नदी किनारे पिकनिक मनाने वालों पर पुलिस होगी सख्त

देहरादून जिले में लगातार बारिश के कारण बरसाती नदियों और नालों का बहाव तेज हो गया है। ऐसे में नदी किनारे लापरवाही करने वालों के डूबने की घटनाएं बढ़ी हैं। खासकर सप्ताहांत में पिकनिक मनाने के लिए नदी किनारे पहुंचने वाले लोगों के साथ हादसों ने पुलिस प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है।

पिछले दो सप्ताह में मालदेवता क्षेत्र में नदी के तेज बहाव में डूबने से दो लोगों की मौत हो चुकी है। इससे पहले सहस्रधारा में भी नदी की तेज धारा की चपेट में आने से एक युवक की जान गई थी। गुच्चूपानी में बरसाती पानी का जलस्तर बढ़ने के कारण कई लोगों के फंसने की घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं।

रविवार को बसंत विहार थाना क्षेत्र के शुक्लापुर में बरसाती नाले से एक व्यक्ति का शव बरामद किया गया था। लगातार सामने आ रही इन घटनाओं को देखते हुए पुलिस ने नदी और बरसाती नालों के आसपास लापरवाही करने वालों के खिलाफ सख्ती बरतने का फैसला किया है।

Related Articles

Back to top button