बुधवार को मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने समाज कल्याण विभाग के अंतर्गत आने वाले पेंशनर्स को बड़ी राहत देते हुए वन क्लिक के माध्यम से अप्रैल माह की पेंशन उनके खातों में स्थानांतरित की। इस प्रक्रिया के तहत राज्य पोषित योजनाओं से जुड़े 7,56,682 लाभार्थियों को कुल 111 करोड़ 82 लाख 52 हजार रुपये की धनराशि जारी की गई।
इन श्रेणियों के लाभार्थियों को मिला सीधा फायदा
सरकार द्वारा जारी की गई इस राशि में वृद्धावस्था, विधवा, दिव्यांग, किसान, परित्यक्ता, भरण-पोषण अनुदान, तीलू रौतेली और बौना पेंशन जैसी विभिन्न श्रेणियों के लाभार्थियों को शामिल किया गया है। सभी लाभार्थियों के खातों में सीधे राशि ट्रांसफर की गई, जिससे प्रक्रिया में पारदर्शिता और तेजी सुनिश्चित हुई।

अंत्योदय पर फोकस, हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने की कोशिश
सचिवालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार अंत्योदय की भावना के साथ कार्य कर रही है और आर्थिक व सामाजिक रूप से कमजोर वर्गों के सशक्तिकरण पर विशेष जोर दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अधिक से अधिक पात्र लोगों तक पेंशन योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए लगातार कैंप आयोजित किए जा रहे हैं। इसी का परिणाम है कि हर साल 60 हजार से अधिक नए लाभार्थी इन योजनाओं से जुड़ रहे हैं।
60 वर्ष से पहले पूरी हों औपचारिकताएं, अधिकारियों को निर्देश
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि बहुउद्देश्यीय शिविरों का आयोजन आगे भी जारी रखा जाए। साथ ही हर वर्ष 59 वर्ष की आयु पूरी करने वाले लोगों का सर्वे कर उनके आवेदन और अन्य आवश्यक प्रक्रियाएं पहले ही पूरी कर ली जाएं, ताकि 60 वर्ष की आयु पूरी होते ही उन्हें योजनाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने यह भी कहा कि आय सीमा को व्यावहारिक बनाया जाए और विभाग की सभी योजनाओं की जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाए।

नवाचार और संवाद पर जोर
मुख्यमंत्री ने समाज कल्याण विभाग को नवाचार अपनाने के निर्देश दिए और कहा कि विभाग अपनी बेहतर कार्यप्रणालियों को अन्य विभागों के साथ साझा करे। साथ ही कॉल सेंटर के माध्यम से बुजुर्गों और पेंशनर्स से नियमित संवाद स्थापित करने पर भी जोर दिया।
पारदर्शिता के साथ योजनाओं का संचालन: मंत्री
इस मौके पर विभागीय मंत्री खजान दास ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में विभाग हर जरूरतमंद व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने यह भी कहा कि पेंशन योजनाओं के संचालन में पूरी पारदर्शिता बरती जा रही है।
कार्यक्रम में प्रमुख सचिव आर. के. सुधांशु, सचिव शैलेश बगौली, अपर सचिव बंशीधर तिवारी, निदेशक समाज कल्याण डॉ. संदीप तिवारी, अपर सचिव समाज कल्याण प्रकाश चंद्र समेत विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।




