मध्य प्रदेशराज्य

गुना में सड़क हादसा, रिटायर्ड बैंक कर्मचारी की मौत, चार घायल

गुना। गुना के फतेहगढ़ तिराहे पर बना जर्जर डिवाइडर एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ है। इंदौर में रहने वाले सेवानिवृत्त बैंक कर्मचारी और उनका परिवार सोमवार-मंगलवार की दरम्यानी रात को डिवाइडर की वजह से हादसे का शिकार हो गया। कार दुर्घटना में सेवानिवृत्त बैंक कर्मचारी अशोक मिनहार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि परिवार के अन्य 4 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। हादसे के बाद शहर के समाजसेवियों ने जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से मांग की है कि तत्परता दिखाते हुए इस डिवाइडर को या तो हटवाया जाए या फिर इस पर रेडियम आदि लगाकर इस तरह बनाया जाए, ताकि इंदौर और ब्यावरा की तरफ से आने वाले चालक हादसे का शिकार न हों।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक गुना के व्यवसायी हरपाल सिंह सडाना के रिश्तेदार अशोक मिनहार इंदौर से गुना की तरफ आ रहे थे। रात करीब 9 बजे अशोक मिनहार की कार फतेहगढ़ तिराहे पर बने डिवाइडर से टकरा गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर इतनी भीषण थी कि कार 3 से 4 फुट हवा में उछल गई। दुर्घटना में 65 वर्षीय अशोक मिनहार की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि गाड़ी चला रहा उनका पुत्र और तीन अन्य परिजन गंभीर रूप से घायल हुए हैं। मृतक अशोक मिनहार के पुत्र को ब्रेनहेमरेज होने के चलते तुरंत इंदौर रैफर किया गया।

सूर्या ढाबे के नजदीक स्थित डिवाइडर के बारे में स्थानीय व्यापारियों और होटल संचालकों ने बताया कि यहां आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। डिवाइडर जर्जर और पुराना हो चुका है, इसलिए रात के समय वाहन चालक इसे देख नहीं पाते हैं। इससे पहले जब इस क्षेत्र मेे टोल नाका था, तब चहल-पहल की वजह से दुर्घटनाएं नहीं होती थीं। लेकिन अब यह क्षेत्र कुछ मीटर तक सुनसान रहता है, जिससे तेज रफ्तार वाहनों को डिवाइडर नजर नहीं आता है।

Related Articles

Back to top button