स्पोर्ट्स

रोहित शर्मा और यशस्वी जायसवाल ने बजाई वेस्टइंडीज की बैंड, 75 सालों में पहली बार हुआ कुछ ऐसा

नई दिल्ली : वेस्टइंडीज के खिलाफ डॉमिनिका टेस्ट में रोहित शर्मा और यशस्वी जायसवाल की जोड़ी ने इतिहास रचा। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए कुल 229 रनों की साझेदारी हुई जो वेस्टइंडीज के खिलाफ 75 साल के इतिहास में भारत की सबसे बड़ी ओपनिंग पार्टनरशिप है। रोहित और यशस्वी ने मिलकर इस दौरान वीरेंद्र सहवाग और संजय बांगर का 21 साल पुराना रिकॉर्ड किया है। इन दोनों ने मिलकर वेस्टइंडीज के खिलाफ साल 2002 में वेस्टइंडीज के खिलाफ पहली दोहरे शतक की साझेदारी की थी। 21 साल बाद अब रोहित-यशस्वी की जोड़ी ऐसा करने में कामयाब रही। बता दें, दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक भारत ने मैच पर अपना शिकंजा कस लिया है। टीम इंडिया ने 2 विकेट के नुकसान पर 312 रन बोर्ड पर लगा दिए हैं। भारत के पास फिलहाल 162 रनों की बढ़त है। टीम इंडिया ने पहली पारी में मेजबानों को 150 रनों पर समेट दिया था।

भारत और वेस्टइंडीज के बीच पहला टेस्ट 1975 में खेला गया था। तब से कई भारतीय सलामी बल्लेबाजों ने वेस्टइंडीज के खिलाफ धुआंधार बल्लेबाजी की, मगर गुरुवार को कप्तान रोहित शर्मा और यशस्वी जायसवाल की जोड़ी ने धमाल मचा दिया। इस जोड़ी के नाम अब कैरेबियन टीम के खिलाफ भारत के लिए सबसे बड़ी ओपनिंग साझेदारी का रिकॉर्ड दर्ज हो गया है। बता दें, टॉप-5 ओपनिंग पार्टनरशिप की इस सूची में वीरेंद्र सहवाग और सुनील गावस्कर का नाम 2-2 बार दर्ज है।

वेस्टइंडीज के खिलाफ भारत की सबसे बड़ी ओपनिंग पार्टनरशिप-

229 – रोहित शर्मा और यशस्वी जयसवाल, रोसेउ, 2023
201 – वीरेंद्र सहवाग और संजय बांगड़, मुंबई डब्लूएस, 2002
159 – वीरेंद्र सहवाग और वसीम जाफ़र, ग्रोस आइलेट, 2006
153 – सुनील गावस्कर और चेतन चौहान, मुंबई डब्ल्यूएस, 1978
136 – सुनील गावस्कर और अंशुमन गायकवाड़, किंग्स्टन, 1976

डॉमिनिका टेस्ट में यशस्वी जायसवाल 143 रन बनाकर अभी भी नाबाद हैं, वहीं कप्तान रोहित शर्मा 103 रन बनाकर पवेलियन लौटे। भारतीय टेस्ट क्रिकेट में यह 6ठां मौका है जब विदेशी सरजमीं पर दोनों सलामी बल्लेबाजों ने सैकड़ा जमाया हो। आखिरी बार मुरली विजय और शिखर धवन की जोड़ी 2015 में बांग्लादेश के खिलाफ ऐसा करने में कामयाब रही थी। वहीं इस सूची के टॉप पर विजय मर्चेंट और मुश्ताक अली का नाम है जिन्होंने पहली बार 1936 में इंग्लैंड के खिलाफ ओल्ड ट्रैफर्ड में शतक जमाए थे।

Related Articles

Back to top button