उत्तर प्रदेशमेरठराज्य

केसीसी इंस्टीट्यूट ऑफ लीगल एंड हायर एजुकेशन, ग्रेटर नोएडा में नकल करता कक्ष निरीक्षक पकड़ा, दो छात्राएं यूएफएम घोषित

केसीसी इंस्टीट्यूट ऑफ लीगल एंड हायर एजुकेशन, ग्रेटर नोएडा स्थित परीक्षा केंद्र पर गंभीर अनियमितता का मामला प्रकाश में आया।

Meerut CCSU News: उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशों तथा कुलपति प्रो० संगीता शुक्ला के आदेश पर प्रो० अनुज कुमार के समन्वयन में संचालित सीसीटीवी कंट्रोल रूम द्वारा विश्वविद्यालय परीक्षाओं की सतत निगरानी की जा रही है।
कक्ष निरीक्षक मोबाइल फोन से करवा रहा था नकल
इस क्रम में शनिवार को द्वितीय पाली की परीक्षा के दौरान केसीसी इंस्टीट्यूट ऑफ लीगल एंड हायर एजुकेशन, ग्रेटर नोएडा स्थित परीक्षा केंद्र पर गंभीर अनियमितता का मामला प्रकाश में आया। सीसीटीवी कंट्रोल रूम की निगरानी के दौरान यह पाया गया कि परीक्षा केंद्र के एक कक्ष में तैनात कक्ष निरीक्षक मोबाइल फोन के माध्यम से परीक्षार्थियों को अनुचित सहायता प्रदान कर रहा था।
मौके पर औचक पहुंचा उड़ाका दल
मामले की सूचना तत्काल केंद्रीय उड़ाका दल के सदस्य डॉ० राजवीर सिंह को दी गई। सूचना प्राप्त होने पर केंद्रीय उड़ाका दल द्वारा संबंधित परीक्षा केंद्र का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उक्त कक्ष निरीक्षक मोबाइल फोन का उपयोग करते हुए पाया गया। इसी के साथ कक्ष में परीक्षा दे रही दो छात्राओं की जांच करने पर उनके पास भी मोबाइल फोन बरामद हुए। जांच में यह स्पष्ट हुआ कि दोनों छात्राएं मोबाइल फोन की सहायता से नकल कर रही थीं। विश्वविद्यालय के परीक्षा नियमों के अनुसार दोनों छात्राओं के विरुद्ध अनुचित साधन प्रयोग (यूएफएम) की कार्रवाई की गई। इसके अतिरिक्त, संबंधित कक्ष निरीक्षक के विरुद्ध भी आवश्यक अनुशासनात्मक कार्रवाई किए जाने की संस्तुति करते हुए विश्वविद्यालय को रिपोर्ट प्रेषित कर दी गई है।
नकलविहीन परीक्षा विवि की प्राथमिकता में
सीसीटीवी कंट्रोल रूम के समन्वयक प्रो० अनुज कुमार ने बताया कि विश्वविद्यालय द्वारा परीक्षाओं की कड़ी एवं सतत निगरानी की जा रही है। नकलविहीन, पारदर्शी एवं निष्पक्ष परीक्षा संपन्न कराना विश्वविद्यालय की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए किसी भी प्रकार की अनियमितता के प्रति शून्य सहनशीलता की नीति अपनाई जा रही है।

Related Articles

Back to top button