राज्य

महाराष्ट्र में विदेशी यात्रियों के लिए आरटी-पीसीआर रिपोर्ट अनिवार्य

महाराष्ट्र आने वाले सभी अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए निगेटिव आरटी-पीसीआर रिपोर्ट लाना अनिवार्य कर दिया गया है। वैक्सीन की दोनों खुराक लगवा चुके लोगों पर भी यह नियम लागू होगा। महाराष्ट्र के मुख्य सचिव की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि यूरोपीय देशों, मध्य-पूर्वी देशों और दक्षिण अफ्रीका के लोगों सहित सभी अंतरराष्ट्रीय यात्रियों पर यह नियम लागू होगा। हालांकि, महाराष्ट्र सरकार ने बाद में साफ किया कि केंद्र सरकार के नए नियम के मुताबिक भारत आने वाले सभी विदेशी यात्रियों के लिए निगेटिव आरटी-पीसीआर रिपोर्ट अनिवार्य है।

इस बीच श्रीलंका ने भारत के लिए अपनी सीमाओं को फिर से खोल दिया है। पूरी तरह से टीका लगवा चुके यात्रियों को यहां आने से 72 घंटे पहले की निगेटिव आरटी-पीसीआर रिपोर्ट के साथ श्रीलंका में प्रवेश दिया जाएगा। इसके अलावा उन्हें यहां के प्रमाणित होटल में पहुंचने पर भी पीसीआर टेस्ट करवाना होगा। नई दिल्ली में श्रीलंका के उच्चायोग ने यह जानकारी दी।

बंगाल में 15 सितंबर तक पाबंदियां बढ़ीं
पश्चिम बंगाल में कोरोना महामारी के मद्देनजर लगाई गई पाबंदियां 15 सितंबर तक के लिए बढ़ा दी गई है। हालांकि, इसमें कुछ रियायत भी दी गई है। इनमें सबसे बड़ी राहत कोचिंग सेंटर्स को दी गई है। राज्य में कोचिंग सेंटर्स अब 50 फीसदी की क्षमता के साथ खुल सकेंगे।

तमिलनाडु में 1551 और कर्नाटक में 1229 केस
इस बीच तमिलनाडु में पिछले 24 घंटे में 1551 कोरोना संक्रमितों की पहचान हुई है। इस दौरान यहां 1768 लोग ठीक हुए और 17 लोगों की मौत भी हुई। वहीं, कर्नाटक में शनिवार को 1229 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई। यहां इस दौरान 13 मरीजों की संक्रमण की वजह से मौत हुई।

देश में टीकाकरण का आंकड़ा 63 करोड़ के पार
देश में शनिवार को 65 लाख से अधिक कोरोना वैक्सीन की खुराकें लगाई गईं। सरकार की अंतरिम रिपोर्ट के अनुसार, शनिवार को शाम सात बजे तक वैक्सीन की 65,39,745 खुराकें दी जा चुकी हैं। इस तरह देश में टीकाकरण का कुल आंकड़ा 63 करोड़ 67 लाख 629 तक पहुंच गया है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने इसकी जानकारी दी। बता दें कि बीते दिन देश में एक करोड़ से ज्यादा वैक्सीन की खुराकें लगाई गई थीं। पीएम मोदी ने देश को इसके लिए बधाई भी दी थी।

Related Articles

Back to top button