मध्य प्रदेशराज्य

भोपाल में पुलिस की निगरानी से गायब हुई स्कूटी! चाबी पुलिस के पास होने का दावा, अज्ञात युवक लेकर हुआ फरार

भोपाल: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। आरोप है कि पुलिस की निगरानी में खड़ी एक स्कूटी को अज्ञात युवक लेकर फरार हो गया। शिकायतकर्ता का दावा है कि स्कूटी की चाबी पुलिसकर्मियों के पास थी और कथित तौर पर एक पुलिसकर्मी ने वही चाबी युवक को सौंप दी। मामले की शिकायत पुलिस कमिश्नर से कर निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की गई है।

बताया गया है कि घटना 13 जुलाई की रात करीब 8 बजे सेंट्रल लाइब्रेरी चौराहे पर हुई। शिकायतकर्ता नदीम आलम के अनुसार, वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने उनकी सुजुकी बर्गमैन स्कूटी को रोक लिया था। जांच के दौरान स्कूटी की चाबी पुलिसकर्मियों ने अपने पास रख ली और वाहन मौके पर ही खड़ा था। आरोप है कि कुछ देर बाद एक पुलिसकर्मी ने वही चाबी एक अज्ञात युवक को दे दी।

चेकिंग के दौरान मौके से लेकर भागा स्कूटी

शिकायत के मुताबिक, युवक ने बिना किसी रोक-टोक के स्कूटी स्टार्ट की और मौके से फरार हो गया। जब नदीम आलम ने अपनी स्कूटी वापस मांगी तो उन्हें पता चला कि वाहन वहां से गायब हो चुका है। उन्होंने ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मियों से जानकारी लेने की कोशिश की, लेकिन उन्हें कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला।

पीड़ित का कहना है कि यदि स्कूटी की चाबी पुलिस के कब्जे में थी तो कोई अन्य व्यक्ति वाहन लेकर कैसे चला गया। उन्होंने पुलिस कमिश्नर से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, जिम्मेदार पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई करने और स्कूटी की जल्द बरामदगी की मांग की है।

सीसीटीवी फुटेज से खुल सकता है पूरा मामला

शिकायतकर्ता का दावा है कि सेंट्रल लाइब्रेरी चौराहे पर लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी घटना रिकॉर्ड हुई है। उनका कहना है कि फुटेज की जांच से यह स्पष्ट हो जाएगा कि स्कूटी किस तरह वहां से ले जाई गई और इसमें किसकी भूमिका रही।

इस घटना के सामने आने के बाद वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस की जवाबदेही और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। यदि जांच में शिकायतकर्ता के आरोप सही पाए जाते हैं, तो इसे ड्यूटी के दौरान गंभीर लापरवाही का मामला माना जा सकता है। फिलहाल इस मामले में पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है और जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम की स्थिति स्पष्ट होगी।

Related Articles

Back to top button