पंजाबराज्य

झुलसाने वाली गर्मी? पारा पहुंचा 47 डिग्री के पार, पंजाब-हरियाणा में बारिश के आसार

नई दिल्ली: देश में गर्मी का तेवर लगातार हाई होता जा रहा है और तापमान में किसी तरह की कोई गिरावट नहीं आ रही बल्कि यह बढ़ता ही जा रहा है। अब अधिकतम तापमान का स्तर 47 डिग्री सेल्सियस को भी पार कर गया है। मौसम विभाग की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार शुक्रवार को उत्तर प्रदेश का बांदा जिला देश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां का तापमान 47 डिग्री को भी पार कर गया तो 30 शहर ऐसे रहे जहां का पारा 45 डिग्री से ऊपर दर्ज किया गया।

चिलचिलाती गर्मी से किसी तरह की निजात की कोई उम्मीद नहीं है। उत्तर प्रदेश का बांदा जिला सबसे तपता जिला साबित हुआ क्योंकि शुक्रवार को यहां का तापमान 47.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया तो प्रयागराज दूसरा सबसे तपता जिला रहा, जहां पर तापमान 46.8 डिग्री सेल्सियस आंका गया। उत्तर प्रदेश में बांदा और प्रयागराज के अलावा फुर्सतगंज (45.4), लखनऊ (45.1) और वाराणसी (45.0) में 45 के पार पारा रहा।

बांदा में पारा 47 के पार पहुंच गया है, जबकि राजस्थान के गंगानगर और महाराष्ट्र के चंद्रपुर में पारा 46 के पार है और कल यहां पर यह 46.4 डिग्री सेल्सियस आंका गया है। जबकि उत्तर प्रदेश के झांसी और मध्य प्रदेश के नोगांग में 46.2 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रहा। राजधानी दिल्ली के स्पोर्ट्स काम्पलेक्स में अधिकतम तापमान 46.2 डिग्री सेल्सियस रहा। देश के 7 शहरों में तापमान 46 डिग्री सेल्सियस से अधिक का आंका गया।

भारत मौसम विज्ञान विभाग के नागपुर केंद्र के अनुसार, महाराष्ट्र में चंद्रपुर के बाद दूसरा सबसे गर्म जिला अकोला था जहां अधिकतम तापमान 45.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके बाद वर्धा (45.5 डिग्री सेल्सियस), नागपुर (45.2), यवतमाल (45.2) और अमरावती (45) का नंबर रहा। महाराष्ट्र में आज शनिवार के लिए नागपुर, वर्धा, चंद्रपुर, यवतमाल और अकोला जिलों के वास्ते ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया गया है।

मौसम विभाग का कहना है कि राजस्थान, दिल्ली, पंजाब और हरियाणा में 2 से 4 मई के बीच हल्की बारिश और गरज के साथ बारिश हो सकती है। अधिकतम तापमान में गिरावट के साथ पारा 36 डिग्री से 39 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा।

Related Articles

Back to top button