अपराधउत्तर प्रदेशराज्यहापुड़

मेरठ-बुलंदशहर हाईवे पर स्कॉर्पियों सवार युवक की गोली मारकर हत्या

मृतक युवक की पत्नी ने राष्ट्रवादी नव निर्माण दल के जिला अध्यक्ष सहित दो के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराया है।

Hapur Crime News : मेरठ-बुलंदशहर हाईवे पर हापुड के कैली गांव के अंडरपास में स्कॉर्पियो सवार युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। युवक का गोली लगा शव गाड़ी में पड़ा मिला है। युवक के सिर में तीन गोलियां मारी हैं। मृतक युवक की पत्नी ने राष्ट्रवादी नव निर्माण दल के जिला अध्यक्ष सहित दो के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराया है। हत्या की सूचना पर मौके पर पहुंची हापुड पुलिस ने युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और गाड़ी को कब्जे में ले लिया। एसपी देहात अभिजीत कुमार ने घटना की जानकारी ली।
स्कॉर्पियो में किसी दोस्त का खाना लेकर गए थे
हापुड़ जनपद के गांव दयोमी निवासी शिखा पत्नी तुषार त्यागी ने बताया कि सोमवार रात उसके पति तुषार त्यागी घर से अपनी स्कॉर्पियो में किसी दोस्त का खाना लेकर गए थे। रात में नौ बजे शिखा के नंबर पर पति के नंबर से व्हाट्सएप कॉल आई और कहा कि हापुड़ निवासी बिट्टू त्यागी व उसके साथी जंगल में ले जा रहे हैं और मुझे मारने की बात कह रहे हैं। बिट्टू त्यागी हापुड़ जनपद में राष्ट्रवादी नवनिर्माण दल का जिला अध्यक्ष हैं। उसके बाद पति के मोबाइल स्विच ऑफ हो गए। घटना की जानकारी के बाद परिजनों ने अन्य कई लोगों के साथ तुषार की खोजबीन शुरू की। लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। युवक तुषार का दोस्त क्रिश परिजनों के साथ खोजबीन में लगा था। इसी दौरान क्रिश के मोबाइल पर बिट्टू की कॉल आई। जिसमें बिट्टू त्यागी ने बताया कि तुषार को गोली मार दी है और उसकी गाड़ी कैली ओवर ब्रिज के नीचे सर्विस रोड पर है। फोन पर जानकारी देने के बाद बिट्टू त्यागी ने अपना फोन स्विच ऑफ कर लिया। पीड़िता ने उसके बाद पुलिस कंट्रोल रूम को वारदात की सूचना दी।
तुषार खून से लथपथ चालक की सीट पर स्कॉर्पियो में पड़ा था
पुलिस के साथ मृतक युवक का परिवार जब घटनास्थल पर पहुंचा तो तुषार खून से लथपथ चालक की सीट पर स्कॉर्पियो में पड़ा था। परिजनों उसे एनसीआर मेडिकल कॉलेज में ले गए। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पत्नी शिखा त्यागी ने बताया कि कुछ दिन पूर्व गांव के ही तरुण त्यागी पुत्र मुकेश त्यागी से तुषार त्यागी का विवाद हुआ था। जिसमें तुषार त्यागी ने अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर से तुषार को जान से मारने की धमकी भी दी थी। बाद में दोनों का समझौता बिट्टू त्यागी के आवास पर हुआ था। हत्या की सूचना के बाद एसपी देहात अभिजीत कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने बिट्टू त्यागी सहित दो को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। पीड़िता ने राष्ट्रवादी नव निर्माण दल के जिला अध्यक्ष बिट्टू त्यागी और तरुण त्यागी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है।

Related Articles

Back to top button