चमोली: ज्योतिर्मठ तहसील क्षेत्र के ग्राम लोंग सेगड़ी के पास तमक नाले में अतिवृष्टि के कारण आए तेज पानी और मलबे की चपेट में आकर लापता हुए हवलदार पंकज की तलाश के लिए रेस्क्यू एवं सर्च ऑपरेशन युद्धस्तर पर जारी है। जिला प्रशासन के निर्देशन में पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, सीमा सड़क संगठन और गढ़वाल राइफल्स समेत विभिन्न एजेंसियों की टीमें मौके पर तैनात हैं। नाले से लेकर आसपास के नदी किनारों तक संभावित हर स्थान की गहनता से जांच की जा रही है।
तेज बहाव की चपेट में आने के बाद हुए लापता
सीमा सड़क संगठन की 123 इकाई में तैनात चालक पंकज तेज पानी के बहाव की चपेट में आने के बाद लापता हो गए थे। उनकी तलाश में रेस्क्यू टीमें नाले के आसपास जमा मलबे, जलधाराओं, नदी के किनारों और अन्य संभावित स्थानों पर लगातार खोज अभियान चला रही हैं।
50 से अधिक जवान, खोजी कुत्ते और ड्रोन भी अभियान में शामिल
लापता हवलदार की तलाश के लिए तीन एक्सकेवेटर लगाए गए हैं। गढ़वाल राइफल्स और 123 इकाई के 50 से अधिक जवान लगातार सर्च अभियान में जुटे हैं। एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें भी मौके पर सक्रिय हैं। इसके अलावा दो सर्च एंड रेस्क्यू डॉग की मदद ली जा रही है।
दुर्गम और ऊबड़-खाबड़ इलाकों में उन स्थानों की निगरानी के लिए ड्रोन का इस्तेमाल किया जा रहा है, जहां रेस्क्यू टीमों का सीधे पहुंचना मुश्किल है।
भारी बोल्डर और मलबा हटाकर की जा रही जांच
रेस्क्यू अभियान के दौरान नाले में जमा भारी बोल्डर और मलबे को एक्सकेवेटर की मदद से हटाया जा रहा है। इसके बाद मलबे के नीचे और आसपास मौजूद संभावित स्थानों की बारीकी से जांच की जा रही है। नाले से आगे नदी के किनारों पर भी सर्च अभियान का दायरा बढ़ाया गया है और दोनों तरफ व्यवस्थित तरीके से तलाश की जा रही है।
अत्याधुनिक रडार से भी संभावित स्थानों की जांच
लापता व्यक्ति की तलाश के लिए Ground Penetrating Radar यानी जीपीआर समेत आधुनिक सर्च और डिटेक्शन उपकरणों का इस्तेमाल किया जा रहा है। तकनीकी उपकरणों के साथ प्रशिक्षित सर्च टीमों की मदद से संभावित स्थानों की जांच की जा रही है। अभियान में चिन्हित सभी स्थानों को क्रमवार तरीके से खंगाला जा रहा है, ताकि कोई भी संभावित जगह तलाश से छूट न जाए।
नदी के किनारों तक बढ़ाया गया सर्च ऑपरेशन
प्रशासन की ओर से तमक नाले से आगे नदी के दोनों किनारों तक सर्चिंग का दायरा बढ़ाया गया है। भारी मलबे को हटाने के साथ तकनीकी संसाधनों और प्रशिक्षित टीमों के जरिए लगातार खोजबीन की जा रही है।
प्रशासन की निगरानी में लगातार जारी है अभियान
जिला प्रशासन पूरे रेस्क्यू अभियान की लगातार निगरानी कर रहा है। मौके पर तैनात टीमों को आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के साथ सर्च ऑपरेशन में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन की प्राथमिकता लापता हवलदार पंकज की जल्द से जल्द तलाश करना है। तमक नाले से लेकर नदी के किनारों तक सभी संभावित स्थानों पर सघन खोजबीन जारी है।




