शेयर बाजार की सुस्त शुरुआत, सेंसेक्स 265 अंक टूटा; निफ्टी भी लाल निशान में खुला

मुंबई: घरेलू शेयर बाजार में मंगलवार को कारोबार की शुरुआत गिरावट के साथ हुई। सप्ताह के दूसरे कारोबारी दिन शुरुआती कारोबार में बीएसई सेंसेक्स और एनएसई निफ्टी दोनों लाल निशान में खुले। सोमवार की जोरदार तेजी के बाद बाजार में मुनाफावसूली का असर देखने को मिला।
बीएसई सेंसेक्स मंगलवार सुबह 264.82 अंकों यानी 0.35 प्रतिशत की गिरावट के साथ 76,224.14 के स्तर पर खुला। वहीं एनएसई निफ्टी-50 इंडेक्स 27.60 अंक यानी 0.11 प्रतिशत टूटकर 24,004.10 अंक पर कारोबार शुरू करता नजर आया।
एक दिन पहले सोमवार को बाजार में जबरदस्त तेजी दर्ज की गई थी। सेंसेक्स 1073 अंकों की बढ़त के साथ 76,488 पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी 312 अंक चढ़कर 24,031 के स्तर पर पहुंच गया था।
सेंसेक्स की सिर्फ 8 कंपनियों में दिखी तेजी
मंगलवार को शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से केवल 8 कंपनियों के शेयर हरे निशान में कारोबार करते दिखे, जबकि 22 कंपनियों के शेयर गिरावट के साथ खुले। वहीं निफ्टी-50 में शामिल 50 कंपनियों में से सिर्फ 14 शेयरों में तेजी रही और 36 कंपनियों के शेयर लाल निशान में कारोबार करते नजर आए।
सेंसेक्स पैक में भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड यानी बीईएल के शेयर सबसे ज्यादा 0.53 प्रतिशत की बढ़त के साथ खुले। दूसरी ओर भारती एयरटेल के शेयरों में सबसे अधिक 0.81 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई।
इन शेयरों में रही बढ़त
शुरुआती कारोबार में टीसीएस के शेयर 0.31 प्रतिशत, टेक महिंद्रा 0.30 प्रतिशत, एसबीआई 0.26 प्रतिशत, अडाणी पोर्ट्स 0.14 प्रतिशत, इन्फोसिस 0.12 प्रतिशत, बजाज फाइनेंस 0.12 प्रतिशत और एचसीएल टेक 0.06 प्रतिशत की बढ़त के साथ कारोबार करते दिखे।
इंडिगो से लेकर रिलायंस तक कई दिग्गज शेयर टूटे
वहीं गिरावट वाले शेयरों में इंडिगो 0.76 प्रतिशत, अल्ट्राटेक सीमेंट 0.73 प्रतिशत, रिलायंस इंडस्ट्रीज 0.57 प्रतिशत, टाइटन 0.54 प्रतिशत और आईसीआईसीआई बैंक 0.51 प्रतिशत तक फिसल गए। इसके अलावा महिंद्रा एंड महिंद्रा, एक्सिस बैंक, एलएंडटी, कोटक महिंद्रा बैंक, एचडीएफसी बैंक, टाटा स्टील, आईटीसी, सन फार्मा, हिंदुस्तान यूनिलीवर और मारुति सुजुकी समेत कई बड़ी कंपनियों के शेयरों में भी कमजोरी दर्ज की गई।
बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि सोमवार की मजबूत तेजी के बाद निवेशकों की मुनाफावसूली और वैश्विक संकेतों के दबाव का असर शुरुआती कारोबार में देखने को मिल रहा है।



