उत्तराखंडटॉप न्यूज़राज्यराष्ट्रीय

वोटों के लिए नहीं बल्कि समाज और देश के लिए होते हैं कुछ काम: सीएम पुष्कर सिंह धामी

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि कुछ काम वोटों के लिए नहीं बल्कि समाज और देश के लिए होते हैं। देवस्थानम प्रबंधन कानून पर मैंने तत्काल निर्णय नहीं लिया। वरिष्ठ नेता की अध्यक्षता में कमेटी बनाई। कमेटी की रिपोर्ट पर मंत्रिमंडलीय उपसमिति ने रिपोर्ट दी और उसके आधार पर निर्णय हुआ। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी न्यूज चैनल आज तक के उत्तराखंड की पंचायत कार्यक्रम में बोल रहे थे। उन्होंने धर्मांतरण विरोधी कानून और मजबूत करने की बात कही। हमारी कोशिश है कि उत्तराखंड की शांति और सौहार्य का स्वरूप नहीं बिगड़े। बाहर से जो लोग आ रहे हैं, उनका सत्यापन होना चाहिए। बहुत से लोग राज्य में बसें हैं, जिनका रिकार्ड खराब रहा है। हरिद्वार में धर्म संसद विवाद पर मुख्यमंत्री ने कहा कि हम सभी धर्मों का आदर करते हैं। हम न्याय के आधार पर काम करते हैं, तुष्टिकरण के आधार पर नहीं।

केदारनाथ, काशी का पुननिर्माण और अयोध्या राम मंदिर निर्माण का श्रेय उन्होंने प्रधानमंत्री को दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने नई कार्यसंस्कृति पैदा की। कहा कि इसका प्रभाव यह है कि जो कभी धर्म की बात नहीं करते थे, वह धर्म की बात करने लगे हैं। जो कर्म नहीं करते थे, अब उनको मजबूरी में कर्म करने पड़ रहे हैं। जो मंदिर नहीं जाते थे, वो मंदिर जा रहे हैं। कहा कि कुछ लोग नकली जनेऊ भी पहनने लगे हैं।

मुख्यमंत्री के तौर पर कम समय मिलने के सवाल पर धामी ने कहा कि अब जितने भी ओवर बचे हैं, वह पूरे रन बना देंगे। तीन-तीन मुख्यमंत्री बदलने के सवाल पर सीएम ने कहा कि कभी कभी ऐसी स्थितियां बन जाती हैं। लेकिन सबकुछ वही है, बस चेहरा बदल गया है। सरकार वही है। नीतियां वही हैं। मैं छोटा हूं, सभी का दुलार मिलता है। अपने बड़ों से मैं सीखता हूं। धामी ने कहा कि हमारी पार्टी लोकतांत्रिक व्यवस्था से चलने वाली पार्टी है। किसी भी कार्यकर्ता को कोई भी दायित्व दे दिया जाता है। जब दायित्व दे दिया जाता है तो सारे लोग उसका सहयोग करते हैं।

धामी ने कहा कि पूर्व सरकार में बड़ी-बड़ी घोषणाएं हुईं, जमीन पर नहीं उतरीं। हमने जो शिलान्यास किए, उनपर धरातल पर काम किया। हम काम करने पर विश्वास करते हैं। सीएम ने कहा कि विपक्ष मुद्दाविहीन है वह घिसी पिटी बातें कर रहा है। विपक्ष की आलोचनाओं से मुझे ऊर्जा मिलती है और काम करने की प्रेरणा है। मुख्यमंत्री ने केदारनाथ में पुनर्निर्माण के तीसरे चरण का कार्य अप्रैल में शुरू होगा। उन्होंने पीएम मोदी को श्रेय दिया और उन्हें कर्मयोगी बताया। कहा कि विपक्ष उनके हर काम पर प्रश्न खड़े करता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड विधानसभा के चुनाव में मिथक टूटेगा। भाजपा की सरकार बनेगी और पहली बार सीटों की संख्या साठ के पार होगी। आम आदमी पार्टी के बारे में मख्यमंत्री ने कहा कि उनका एजेंडा केवल चुनाव है। पहाड़ के लोग स्वाभिमानी है, मुफ्त की चीजों में विश्वास नहीं करते। मुख्यमंत्री ने कहा कि गैरसैंण हमारी भावनाओं का केंद्र है। हमारी सरकार ने उसे ग्रीष्मकालीन राजधानी बनाया। वह विकास की संभावना का केंद्र बिंदु है, उसे आगे बढ़ाएंगे।

सीएम ने कहा कि केंद्र सरकार से हमें आपदा प्रबंधन का केंद्र मिलेगा, जो सारे देश के काम आएगा। धामी ने कहा कि 2025 में राज्य के रजत जयंती वर्ष तक उत्तराखंड को देश का अग्रणीय राज्य कैसे बनाया जाना है, इसके लिए सरकारी विभागों से 10 साल का रोडमैप मांगा गया है।
 

Related Articles

Back to top button