मनोरंजन

पद्मश्री को लेकर कंगना रनौत पर साउथ की एक्ट्रेस ने साधा निशाना, बोलीं- सरकार हमें नहीं करती नोटिस

मुंबई: कंगना रनौत बॉलीवुड की बेहतरीन एक्ट्रेस में से एक हैं। कंगना ने बॉलीवुड इंडस्ट्री में दोस्त से ज्यादा दुश्मन बनाए। अभिनेत्री अपनी एक्टिंग के साथ तीखे जवाबों के लिए भी जानी जाती हैं। यही वजह है कि वह अक्सर सोशल मीडिया से लेकर फिल्मों सितारों के निशाने पर रहती हैं। हाल ही में तेलुगू अभिनेत्री जयसुधा ने कंगना पर निशाना साधा। उन्होंने कंगना को पद्मश्री अवॉर्ड मिलने पर सवाल उठाए। साथ ही, सरकार पर साउथ इंडस्ट्री की अनदेखी करने का आरोप लगाया।

साउथ सुपरस्टार नंदमुरी बालकृष्ण वीडियो स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म पर एनबीके के साथ मिलकर अनस्टॉपेबल नाम का टॉक शो होस्ट करते हैं। अक्टूबर 2022 में इस टॉक शो का दूसरा सीजन शुरू हुआ। दूसरे सीजन में अब तक अभिनेत्री जयासुधा, जया प्रदा और राशि खन्ना मेहमान के रूप शामिल हुई थीं। उन्होंने शो के होस्ट के साथ अपनी बातें साझा कीं।

एपिसोड के दौरान जयासुधा ने सरकार पर आरोप लगाया कि साउथ इंडस्ट्री की अनदेखी की जाती है। बता दें कि जयासुधा अपने बेहतरीन अभिनय के लिए जानी जाती हैं। उन्होंने दक्षिण की कई भाषाओं में काम किया है। वह बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन के साथ फिल्म सूर्यवंशम में भी नजर आई थीं।

जयसुधा ने कहा कि कंगना रनौत को पद्मश्री अवॉर्ड दिया गया, जिससे मुझे कोई परेशानी नहीं है। वह बेहद अच्छी अभिनेत्री हैं। उन्हें सिर्फ 10 फिल्में करने के बाद पुरस्कार दे दिया। जयसुधा ने कहा कि मैं कई फिल्मों में काम कर चुकी हूं, लेकिन सरकार ने आज तक ध्यान ही नहीं दिया। इस पर जया प्रदा ने कहा कि हमें यह अवॉर्ड सम्मानपूर्वक पाना चाहिए, न कि मांग कर।

जयसुधा ने कहा कि महिला निर्देशक विजया निर्मला का नाम गिनीज बुक वर्ल्ड ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज है। इसके बावजूद विजया निर्मला को इतनी सराहना नहीं मिली। कभी-कभी मुझे काफी बुरा लगता है कि सरकार साउथ इंडस्ट्री की सराहना नहीं करती है।

Related Articles

Back to top button