मेरठ में सौतेली मां और पिता ने मिलकर किशोरी को उतारा मौत के घाट
बहन की मौत के छह महीने बाद ही कपिल शर्मा ने दूसरी शादी पिंकी से कर ली।
Meerut News : मेरठ के गोकुल धाम कालोनी में किशोरी खुशबू की उसकी सौतेली मां और पिता ने मिलकर मौत के घाट उतार दिया। किशोरी खुशबू की मौत के मामले में उसके मामा भूपेंद्र शर्मा ने थाना में एफआईआर दर्ज कराकर पिता कपिल शर्मा, सौतेली मां पिंकी समेत अन्य पर हत्या करने और सबूत मिटाने का आरोप लगाये हैं।
मां की भी हुई थी संदिग्ध मौत
हापुड़ निवासी भूपेंद्र शर्मा ने शिकायती पत्र में कहा है कि उनकी बहन प्रीति शर्मा की शादी 2009 में मेरठ गोकुल धाम निवासी कपिल शर्मा से हुई। शादी के बाद प्रीति से दो बच्चे खुशबू और राधे हुए। आरोप है कि वर्ष 2017 में उनकी बहन की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उस दौरान उन्होंने कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की थी। बहन की मौत के छह महीने बाद ही कपिल शर्मा ने दूसरी शादी पिंकी से कर ली। शुरुआत में उनकी भांजी खुशबू के साथ व्यवहार ठीक रहा। लेकिन सौतेली मां की बेटी होने के बाद खुशबू के साथ मारपीट और मानसिक प्रताड़ना शुरू कर दी।
सौतेली मां और पिता द्वारा किए गए अत्याचारों की जानकारी दी
भूपेंद्र का आरोप है कि भांजी खुशबू ने फोन पर उन्हें और अन्य रिश्तेदारों को सौतेली मां और पिता द्वारा किए गए अत्याचारों की जानकारी दी गई। उसने यह भी आशंका जताई थी कि उसके पिता और सौतेली मां उसकी हत्या कर सकते हैं। दावा किया कि उनके पास खुशबू द्वारा बताई प्रताड़ना से संबंधित ऑडियो रिकॉर्डिंग मौजूद हैं। परिजनों के अनुसार, 26 मई 2026 को उन्हें पड़ोस की एक महिला प्रेमलता से फोन पर सूचना मिली कि खुशबू की हत्या कर दी है। उसका अंतिम संस्कार करने के लिए परिवार बृजघाट गए हैं। सूचना मिलने पर वो परिजनों सहित गोकुल धाम स्थित घर पहुंचे तो मौजूद महिलाओं ने बताया कि खुशबू की पेट दर्द के कारण मौत हुई है।
चुपचाप उसका अंतिम संस्कार कर दिया
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि खुशबू को उपचार के लिए नहीं ले जाया गया और न ही पुलिस को सूचना दी गई। इसके बजाय परिवार ने चुपचाप उसका अंतिम संस्कार कर दिया। भूपेंद्र शर्मा ने आरोप लगाया कि खुशबू की हत्या कर सबूत मिटाने की कोशिश की गई है। मृतका के मामा ने कपिल शर्मा, सौतेली मां पिंकी शर्मा, भाई अमित और पिता जगमोहन समेत अन्य पर हत्या और सबूत नष्ट करने का आरोप लगाते हुए कानूनी कार्रवाई की मांग की है।



