
लखनऊ में 68500 शिक्षक भर्ती अभ्यर्थियों ने किया जोरदार प्रदर्शन
भाजपा प्रदेश कार्यालय में घुसे, जमीन पर लेटकर सीटी बजाया, पुलिस पर कपड़े फाड़ने और अभद्रता का आरोप
लखनऊ : शिक्षक भर्ती में आरक्षण घोटाले के खिलाफ पिछड़ा वर्ग के अभ्यर्थियों ने गुरुवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन कर शिक्षक भर्ती में आरक्षण की मांग की। 68,500 सहायक शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थी भाजपा प्रदेश कार्यालय के अंदर घुस गए और जमीन पर लेटकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। सिर पर आरक्षण घोटाले की टोपी पहने हुए अभ्यर्थी जोर-जोर से सीटी बजाकर विरोध करते हुए लगभग आधे घंटे तक हंगामा और नारेबाजी करते रहे। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच जमकर धक्का-मुक्की नोंकझोक भी हुई, इस बीच कई अभ्यर्थियों के कपड़े भी फट गए।
प्रदर्शनकारियों ने ‘ऐसी क्या मजबूरी है-आरक्षण की चोरी है’ और ‘पिछड़ा आयोग ने माना है-आरक्षण घोटाला है’ जैसे नारे लगाए। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को वहां से हटाने की कोशिश की। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि पुलिस ने उन्हें जबरन उठाकर वहां से हटाया। उन्होंने पुलिस पर कपड़े फाड़ने और बदसलूकी करने का भी आरोप लगाया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में दिव्यांग अभ्यर्थी भी शामिल थे। सभी प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर इको गार्डन भेजा गया।

पुलिस हिरासत में लेकर इको गार्डन भेजे गए प्रदर्शनकारी
प्रदर्शन के दौरान अभ्यर्थी सिर पर ‘आरक्षण घोटाला’ लिखी टोपी पहने नजर आए। वे लगातार सीटी बजाकर और नारे लगाकर अपनी मांगों को लेकर विरोध जताते रहे। प्रदर्शनकारियों ने पिछड़ा आयोग का हवाला देते हुए आरक्षण व्यवस्था में कथित अनियमितताओं को लेकर सवाल उठाए। प्रदर्शन के बाद पुलिस ने सभी प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया और उन्हें इको गार्डन भेज दिया. प्रदर्शनकारियों ने पुलिस कार्रवाई पर नाराजगी जताई है. वहीं, पूरे घटनाक्रम के दौरान बीजेपी कार्यालय के आसपास काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही.



