राज्यहिमाचल प्रदेश

मंडी में महिला अध्यापिका की संदिग्ध मौत, क्वार्टर में फंदे से लटका मिला शव; पुलिस ने शुरू की जांच

मंडी: हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के सुंदरनगर उपमंडल के जयदेवी क्षेत्र से एक महिला अध्यापिका की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार शिक्षिका का शव उनके सरकारी क्वार्टर में फंदे से लटका मिला। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।

मृतका की पहचान आशिम के रूप में हुई है। वह मंडी जिले के सरकाघाट तहसील के गांव बारू की निवासी थीं और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जयदेवी में व्यावसायिक शिक्षिका के पद पर कार्यरत थीं।

क्वार्टर में मिला शव, अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार महिला अध्यापिका जयदेवी क्षेत्र स्थित अपने क्वार्टर में रह रही थीं। वहीं उनका शव फंदे से लटका हुआ मिला। घटना की जानकारी मिलने पर उन्हें तुरंत नजदीकी मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

सूचना मिलते ही सुंदरनगर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मौके से आवश्यक साक्ष्य भी एकत्र किए हैं।

हर पहलू से जांच में जुटी पुलिस

मामले की पुष्टि करते हुए पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि जयदेवी क्षेत्र में एक महिला अध्यापिका की मौत की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की है।

उन्होंने कहा कि महिला ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया, इसका फिलहाल पता नहीं चल सका है। मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button