टॉप न्यूज़राज्यराष्ट्रीय

ठाकरे का केंद्र पर हमला, कहा- मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन से किसे होगा फायदा? इसे मुंबई से नागपुर तक चलाए

मुंबई. महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे (CM Uddhav Thackeray) ने शनिवार को भाजपा नीत केंद्र सरकार (Center Government) पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि, मुंबई और अहमदाबाद के बीच चलने वाली बुलेट ट्रेन (Bullt Train) से किसे फायदा होगा? इसे मुंबई (Mumbai) से नागपुर (Nagpur) तक चलाएं। उन्होंने कहा, अगर आप मुंबई से प्यार करते हैं तो कांजूर की बंजर जमीन क्यों नहीं देते? दी गई तो हम बदलापुर अंबरनाथ तक जा सकेंगे। मुंबई पंपिंग के लिए जगह प्रदान नहीं की जाती। भारतीय रेलवे धारावी झुग्गियों के पुनर्विकास के लिए अपनी जमीन नहीं दे रहा है। इतने सारे प्रोजेक्ट हैं जो अटके हुए हैं, फिर शुरू क्यों नहीं हो जाते? अगर बुलेट ट्रेन लानी ही थी तो अहमदाबाद से मुंबई क्यों? नागपुर से मुंबई क्यों नहीं? इस बुलेट ट्रेन का इस्तेमाल महाराष्ट्र में होता।

मुख्यमंत्री ने कहा, “मैं उन लोगों को क्रेडिट देने के लिए तैयार हूं जो मेट्रो का क्रेडिट मांग रहे हैं। लेकिन मेट्रो की तरह बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट भी है। उन्हें मुंबई के बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स में जगह चाहिए। मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन से क्या फायदा होगा?” उन्होंने कहा, “अगर आप श्रेय लेना चाहते हैं, तो कुछ काम करके इसे लें। उन्होंने जो काम शुरू किया था उसे हमने आगे बढ़ाया। हम रुके नहीं। अगर बुलेट ट्रेन चलानी है तो मुंबई से अहमदाबाद की बजाय पहले मुंबई से नागपुर के लिए चलाए।”

CM ठाकरे ने नाम लिए बिना कहा कि, “कोविड के बाद, कुछ लोगों को एक नई बीमारी हो गई है जिसका कोई इलाज नहीं है। पहले वे कोई काम नहीं करते और जब हम करते हैं, तो वे हमें भ्रष्टाचार के लिए दोषी ठहराते हैं। उनका दावा है कि उन्होंने काम किया, लेकिन मुंबईकरों ने देखा कि कैसे उन्होंने पर्यावरण की परवाह नहीं की और पेड़ों को काटा।” इससे पहले आज ठाकरे ने गुड़ी पड़वा के मौके पर मुंबई में दो मेट्रो लाइन, मेट्रो 2A और मेट्रो 7 को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर उपमुख्यमंत्री अजीत पवार, एकनाथ शिंदे, आदित्य ठाकरे और मुंबई की मेयर किशोरी पेडनेकर मौजूद रहीं।

Related Articles

Back to top button