राष्ट्रीय

सूडान से निकला भारतीयों का 10वां जत्था, कई लोगों की आंखों में दिखे खुशी के आंसू

खार्तूम : ऑपरेशन कावेरी के तहत भारतीयों का 10वां जत्था सूडान से सऊदी के शहर जेद्दाह के लिए रवाना हो गया है। इस जत्थे में 135 यात्री शामिल हैं। बता दें कि सूडानी आर्मी और पैरामिलिट्री रैपिड सपोर्ट फोर्सेस के बीच 72 घंटे का सीजफायर बढ़ाने पर सहमति बन गई है। भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने कहा कि भारतीय वायुसेना के सी-130जे विमान ने पोर्ट सूडान से जेद्दाह के लिए उड़ान भरी है, जिसमें भारतीयों के 10वें जत्थे के 135 लोग सवार हैं।

वहीं सूडान से जेद्दाह पहुंच रहे भारतीयों के स्वागत के लिए केंद्रीय मंत्री वी मुरलीधरन जेद्दाह में मौजूद हैं। वी मुरलीधरन ने इससे पहले अपने एक ट्वीट में बताया था कि उन्होंने जेद्दाह एयरपोर्ट पर भारतीयों के आठवें जत्थे को रिसीव किया है। इस जत्थे में सूडान में स्थित भारतीय दूतावास के कर्मचारियों के परिजन भी शामिल हैं, जिन्होंने युद्ध ग्रस्त सूडान से निकलने के बाद राहत की सांस ली। सूडान में करीब तीन हजार भारतीय रह रहे थे, ऐसे में माना जा रहा है कि जल्द ही भारत का ऑपरेशन कावेरी सफलतापूर्वक पूरा हो जाएगा।

बता दें कि सूडान में तीन दिन का सीजफायर चल रहा था, जिसे गुरुवार रात फिर से अगले 72 घंटे के लिए बढ़ा दिया गया है। सऊदी अरब और अमेरिका ने इस सीजफायर को लेकर मध्यस्थता की। साथ ही अमेरिका, सऊदी अरब, नॉर्वे, ब्रिटेन, यूएई के डिप्लोमैट्स ने इस सीजफायर को बढ़ाने का प्रस्ताव दिया था। जिसके बाद दोनों पक्ष इसके लिए तैयार हो गए। हालांकि पहले से जारी सीजफायर के दौरान भी हिंसा की घटनाएं हुईं लेकिन इतनी राहत रही कि विदेशी लोगों को सूडान से निकालने में ज्यादा परेशानी नहीं हुई।

बता दें कि सूडान में सेना प्रमुख अब्देल फतह अल बुरहान और उनके डिप्टी और पैरामिलिट्री फोर्स रैपिड सपोर्ट फोर्स के मुखिया कमांडर मोहम्मद हमदान दागलो के बीच लड़ाई छिड़ी हुई है। इस लड़ाई में अब तक सैंकड़ों लोगों की मौत हो चुकी है और हजारों लोग घायल हुए हैं।

Related Articles

Back to top button