उत्तर प्रदेशराज्यलखनऊ

महिला से दुष्कर्म: सरसों के खेत में ले जाकर वारदात को दिया अंजाम, आरोपी युवक फरार

मैनपुरी: बेवर थाना क्षेत्र में बृहस्पतिवार देर शाम परिजनों का इंतजार कर रही महिला को तीन युवक जबरन सरसों के खेत में खींच ले गए। यहां एक युवक ने महिला के साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद आरोपी फरार हो गए। पीड़ित महिला ने परिजन के साथ थाने पहुंचकर पुलिस को सूचना दी। जानकारी के अनुसार बृहस्पतिवार को एक महिला पास के ही एक गांव में गई थी। देर शाम वह टेंपो से बेवर कस्बा स्थित अपने घर आ रही थी। महिला के अनुसार रात करीब आठ बजे टेंपो वाले ने उसे बझेरा से भट्टे से पहले उतार दिया। महिला ने फोन से अपने भतीजे को उसे वहां से लेने के लिए बुलाया।

आरोप है कि जब तक भतीजा वहां पहुंचता, उससे पहले तीन-चार युवक आए और महिला को सरसों के खेत में खींच ले गए। यहां एक युवक ने उसके साथ दुष्कर्म किया। वारदात को अंजाम देने के बाद युवक महिला को खेत में छोड़कर भाग गए। इस बीच महिला का भतीजा वहां पहुंच गया। महिला ने भतीजे के साथ थाने पहुंचकर वारदात की जानकारी पुलिस को दी।

शिकायत के बाद थाना पुलिस ने महिला से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। साथ ही देर रात महिला को घटनास्थल पर लेकर जांच की। पुलिस महिला का मेडिकल परीक्षण कराने के लिए कागजी कार्रवाई पूरी कर रही थी। थानाध्यक्ष बेवर सुरेश चंद्र शर्मा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। महिला की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज करके आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button