झारखण्डराज्य

मातम में बदली होली की खुशियां: होली खेल रहे लोगों पर जंगली सूअर ने किया हमला, 1 की मौत…6 घायल

सिमडेगा: झारखंड के सिमडेगा (Simdega) जिले में उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक जंगली सूअर के हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि 6 लोग घायल हो गए हैं, जिसमें से 2 की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

मामला जिले के सदर थाना क्षेत्र के पिथरा गांव का है। बताया जा रहा है कि यहां होली के त्योहार में जश्न का माहौल था। लोग होली खेल रहे थे। इस दौरान जंगली सुअर अचानक गांव में प्रवेश कर गया और होली खेल रहे लोगों पर हमला कर दिया। इससे भगदड़ मच गई। लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे, जिसमें कुछ लोग घायल हो गए।

आनन-फानन में घायलों को अस्पताल ले जाया गया जहां एक युवक की मौत हो गई जबकि 6 लोगों का इलाज चल रहा है। वहीं, घटनी की जानकारी पाकर वन विभाग के पदाधिकारी-कर्मी भी सदर अस्पताल पहुंचे। वन प्रमंडल पदाधिकारी विकास कुमार ने बताया कि घायलों को उपचार के लिए तत्काल पांच-पांच हजार रुपए की मदद दी गई है और मृतक के परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए 10 हजार रुपए दिए गए हैं।

Related Articles

Back to top button