राष्ट्रीय

पेट्रोल, गैस और खाद की कमी नहीं, लालकिले से पीएम मोदी बोले- संकट के बीच भी मजबूत है भारत

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर लालकिले की प्राचीर से देश की तैयारियों और आत्मनिर्भरता का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि कोविड महामारी से लेकर पश्चिम एशिया के संकट तक कई मौकों पर लोगों को डराने की कोशिश की गई, लेकिन देश आज मजबूत स्थिति में है। प्रधानमंत्री ने कहा कि देश में पेट्रोल, डीजल, गैस और खाद की कमी नहीं है।

संकट के समय देश अपने पैरों पर खड़ा रहा

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि कुछ लोग लगातार इस तरह का डर पैदा करते रहे कि वैक्सीन नहीं मिलेगी, गैस नहीं मिलेगी, डीजल नहीं मिलेगा और खाद की कमी हो जाएगी। उन्होंने कहा कि पिछले 10 से 12 वर्षों में तैयार की गई योजनाओं का असर अब दिखाई दे रहा है। बड़े संकटों के बावजूद देश संकट के समय अपने पैरों पर खड़ा रहा। उन्होंने कहा कि देश में गैस, पेट्रोल और यूरिया उपलब्ध है।

3000 रुपये की यूरिया किसानों को 300 रुपये में

प्रधानमंत्री ने किसानों को दी जा रही यूरिया की कीमत का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि दुनिया में यूरिया की कीमत 3000 रुपये तक पहुंच गई है, जबकि भारत में किसानों को यह 300 रुपये में उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों को मजबूर नहीं कर रही है और उन्हें कम कीमत पर यूरिया उपलब्ध कराई जा रही है।

डीएपी की कीमत 5000 रुपये तक पहुंचने का जिक्र

पीएम मोदी ने कहा कि डीएपी की कीमत दुनिया में 5000 रुपये तक पहुंच चुकी है, जबकि भारत में यह 1350 रुपये में मिल रही है। उन्होंने आत्मनिर्भरता की जरूरत पर जोर देते हुए कहा कि एक समय उन्होंने आत्मनिर्भरता की बात की थी और अब दुनिया भी बदलते हालात के बीच अपने-अपने हितों के अनुसार आगे बढ़ रही है।

संसाधनों के हथियारीकरण से निपटने पर जोर

प्रधानमंत्री ने कहा कि संकट के दौर में कुछ लोगों ने संसाधनों को हथियार के तौर पर इस्तेमाल करने का खेल खेला है। उन्होंने पेट्रोल, डीजल, दवाइयों और भूभाग तक के हथियारीकरण का जिक्र किया। पीएम मोदी ने कहा कि अगर देश आत्मनिर्भरता के मंत्र के साथ आगे नहीं बढ़ा होता तो ऐसी चुनौतियों का सामना करना मुश्किल होता।

व्यापार समझौतों को बताया बड़ा अवसर

प्रधानमंत्री मोदी ने व्यापार समझौतों को देश के लिए बड़ा अवसर बताया। उन्होंने सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों से इस अवसर को नहीं छोड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि भारत को दुनिया में उपलब्ध उत्पादों से बेहतर और सस्ता सामान उपलब्ध कराने की दिशा में आगे बढ़ना होगा।

लालकिले पर पहली बार गूंजा वंदे मातरम्

स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान ऐतिहासिक लालकिले पर पहली बार वंदे मातरम् का गायन किया गया। राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् की विरासत के 150 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित समारोह में लालकिले की प्राचीर पर की गई पुष्प सज्जा के केंद्र में राष्ट्रीय ध्वज लगाया गया था। इसके दोनों ओर हिंदी में वंदे मातरम् लिखा हुआ था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशभक्ति के माहौल और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच लालकिले से 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह का नेतृत्व किया।

Related Articles

Back to top button