मध्य प्रदेशराज्य

नर्मदा किनारे हजारों वोटर आईडी कार्ड मिलने से मचा हड़कंप, राऊ विधानसभा के कार्डों की भरमार, कांग्रेस ने मांगी FIR

खरगोन: मध्य प्रदेश के खरगोन जिले के मंडलेश्वर में नर्मदा नदी के किनारे बड़ी संख्या में मतदाता पहचान पत्र मिलने से हड़कंप मच गया है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, बरामद किए गए कार्डों में सबसे अधिक इंदौर जिले की राऊ विधानसभा क्षेत्र के मतदाताओं से जुड़े हैं। मामला सामने आने के बाद कांग्रेस ने मंडलेश्वर थाने के बाहर प्रदर्शन कर प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है। वहीं, प्रशासन ने कार्डों को जब्त कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि इतनी बड़ी संख्या में मतदाता पहचान पत्र नदी किनारे कैसे और कब पहुंचे।

नर्मदा घाट पर सफाई के दौरान मिले वोटर आईडी कार्ड

जानकारी के मुताबिक, रविवार सुबह मंडलेश्वर के नर्मदा घाट पर निस्वार्थ सेवा समिति की ओर से सफाई अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान नदी किनारे लावारिस हालत में बड़ी संख्या में मतदाता पहचान पत्र दिखाई दिए।

कार्ड मिलने की सूचना प्रशासन को दी गई, जिसके बाद राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने कार्ड एकत्रित किए और पंचनामा तैयार किया। शुरुआती जानकारी में सामने आया है कि इनमें ज्यादातर कार्ड इंदौर जिले की राऊ विधानसभा क्षेत्र से संबंधित हैं।

हालांकि, कार्डों की सही संख्या और उनके नदी किनारे पहुंचने की वजह का अभी पता नहीं चल सका है। मामले की जांच के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।

कांग्रेस ने थाने के बाहर किया प्रदर्शन, FIR की मांग

वोटर आईडी कार्ड मिलने के मामले में जिला कांग्रेस अध्यक्ष रवि नायक के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ता मंडलेश्वर थाने पहुंचे। यहां कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन करते हुए पुलिस को आवेदन सौंपा और मामले में प्राथमिकी दर्ज कर निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।

रवि नायक ने सवाल उठाया कि इतनी बड़ी संख्या में मतदाता पहचान पत्र नर्मदा नदी के किनारे कैसे पहुंचे। उन्होंने मांग की कि इस मामले में जिम्मेदार लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

कांग्रेस ने नर्मदा नदी में तलाशी अभियान चलाने की मांग भी की है। पार्टी का कहना है कि नदी किनारे और आसपास के क्षेत्र में जांच की जाए, ताकि पता चल सके कि वहां और मतदाता पहचान पत्र तो नहीं पड़े हैं।

प्रशासन ने कार्ड जब्त किए, जांच के लिए अधिकारियों को सौंपा जिम्मा

महेश्वर की एसडीएम पूर्वा मंडलोई ने बताया कि मामले की जांच के लिए तहसीलदार और अन्य अधिकारियों को घटनास्थल पर भेजा गया था। मौके पर पंचनामा तैयार किया गया है। उन्होंने कहा कि फिलहाल कार्डों की कुल संख्या के बारे में पूरी जानकारी नहीं है। जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी।

वहीं, मंडलेश्वर की एसडीओपी श्वेता शुक्ला के मुताबिक, नर्मदा घाट पर सफाई के दौरान मतदाता पहचान पत्र मिलने की सूचना के बाद राजस्व विभाग की टीम ने उन्हें जब्त किया है। पुलिस को कांग्रेस की ओर से भी आवेदन मिला है। थाना प्रभारी को मामले की जांच सौंपी गई है। जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

मतदाता पहचान पत्रों की सुरक्षा पर उठे सवाल

नर्मदा नदी के किनारे बड़ी संख्या में वोटर आईडी कार्ड मिलने के बाद मतदाता पहचान पत्रों की सुरक्षा और उनके रखरखाव को लेकर सवाल उठने लगे हैं। फिलहाल प्रशासन और पुलिस दोनों ही मामले की जांच कर रहे हैं।

कार्ड किसके हैं, उन्हें नदी किनारे किसने छोड़ा और इसके पीछे किसी की लापरवाही है या कोई अन्य वजह, इन सभी सवालों के जवाब जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएंगे।

Related Articles

Back to top button