राज्यराष्ट्रीय

टिल्लू ताजपुरिया हत्याकांड – कोर्ट ने 6 आरोपियों की पुलिस हिरासत बढ़ाई

नई दिल्ली। दिल्ली की एक अदालत ने शुक्रवार को तिहाड़ जेल में गैंगस्टर टिल्लू ताजपुरिया की हत्या में कथित संलिप्तता के आरोप में गिरफ्तार छह आरोपियों की पुलिस हिरासत तीन दिन और बढ़ा दी है। जेल में बंद 33 वर्षीय ताजपुरिया की दो मई को हमलावरों ने 90 से अधिक बार चाकू मारकर हत्या कर दी थी। इस मामले में पुलिस ने दीपक डबास, योगेश टुंडा, राजेश बवाना, रियाज खान, अता-उल रहमान और चवन्नी को गिरफ्तार किया था।

सभी आरोपियों की हिरासत शुक्रवार को समाप्त हो रही थी, इसलिए उन्हें पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया गया। पुलिस ने अदालत से आरोपियों की हिरासत की मांग की, जिसे कोर्ट ने स्वीकार करते हुए सभी आरोपियों की पुलिस हिरासत 15 मई तक बढ़ा दी। दिल्ली के बाहरी इलाके ताजपुर कलां के रहने वाले टिल्लू ताजपुरिया की 2 मई को तिहाड़ जेल में जितेंद्र गोगी गिरोह के सदस्यों ने हत्या कर दी थी। ताजपुरिया को जेल में कड़ी सुरक्षा के बीच जेल संख्या 8 के ग्राउंड फ्लोर पर रखा गया था।

टिल्लू ताजपुरिया 2021 रोहिणी कोर्ट शूटआउट का आरोपी था जिसमें गैंगस्टर जितेंद्र गोगी मारा गया था। जांच में शामिल एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के अनुसार, 8 मई को चारों आरोपियों को 4 दिन की पुलिस हिरासत मिलने के बाद, डॉ. बाबा साहिब अंबेडकर अस्पताल के फोरेंसिक विभाग में ले जाया गया था। जहां फॉरेंसिक विभाग के डॉक्टरों ने चारों का विस्तृत मेडिकल परीक्षण किया था।

Related Articles

Back to top button