
लुधियाना: एल्पाइन स्कूल की 9वीं कक्षा में पढ़ने वाली 14 वर्षीय छात्रा और उभरती हैंडबॉल खिलाड़ी अंशिका की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। सोमवार शाम हुए हादसे में ईंटों से लदी ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉली का पिछला पहिया उसके सिर के ऊपर से गुजर गया। हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें पूरी घटना कैद हुई है।
मैच की अंतिम प्रैक्टिस के लिए जा रही थी अंशिका
हादसा सोमवार शाम करीब 4 बजे हुआ। अंशिका मंदिर के पुजारी के साथ स्कूल में होने वाली मैच की अंतिम प्रैक्टिस के लिए जा रही थी। सीसीटीवी फुटेज के मुताबिक, एक्टिवा पर तीन लोग सवार थे और अंशिका सबसे पीछे बैठी थी।
इसी दौरान उनके पास से ईंटों से लदी एक भारी ट्रैक्टर-ट्रॉली गुजर रही थी। तभी सामने से एक अन्य एक्टिवा आ गई। संभावित टक्कर से बचने के लिए एक्टिवा चालक ने अचानक तेज ब्रेक लगा दिया। इससे वाहन अनियंत्रित होकर सड़क पर फिसल गया और तीनों सवार नीचे गिर गए।
ट्रैक्टर-ट्रॉली के पहिए के नीचे आई छात्रा
सड़क पर गिरने के दौरान अंशिका पास से गुजर रही ट्रैक्टर-ट्रॉली के पिछले हिस्से की तरफ जा गिरी। इसके बाद करीब 20 टन भार से लदी ईंटों वाली ट्रॉली का पिछला पहिया उसके सिर के ऊपर से गुजर गया।
सिर में गंभीर चोट लगने के बाद अंशिका सड़क पर घायल अवस्था में पड़ी रही। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों ने उसे गंभीर हालत में दयानंद मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल पहुंचाया।
डॉक्टरों की टीम ने छात्रा को बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन अत्यधिक खून बहने और सिर में गंभीर चोट के कारण इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
आज बठिंडा में होना था राज्य स्तरीय मुकाबला
अंशिका एक प्रतिभाशाली हैंडबॉल खिलाड़ी थी। मंगलवार को ही उसे पंजाब राज्य स्तरीय हैंडबॉल टूर्नामेंट में हिस्सा लेने के लिए बठिंडा रवाना होना था। परिवार सोमवार तक बेटी को प्रतियोगिता के लिए भेजने की तैयारियों में जुटा था।
प्रिंटिंग प्रेस में काम करने वाले उसके पिता अमित राय और परिवार को उम्मीद थी कि अंशिका खेल के मैदान में लुधियाना का नाम रोशन करेगी। लेकिन हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
CCTV फुटेज को पुलिस ने बनाया केस प्रॉपर्टी
हादसे के बाद पुलिस ने दुर्घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग अपने कब्जे में लेकर केस प्रॉपर्टी बना ली है। जांच अधिकारियों के मुताबिक, सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की पड़ताल की जा रही है।
पुलिस पीड़ित परिवार और हादसे से जुड़े दूसरे पक्षों के विस्तृत बयान भी दर्ज कर रही है। फुटेज और बयानों के आधार पर हादसे की परिस्थितियों की जांच की जा रही है।



