TRAI की जून रिपोर्ट जारी: देश में 134.8 करोड़ टेलीकॉम ग्राहक, Jio नंबर-1 बरकरार; नए यूजर्स जोड़ने में Airtel सबसे आगे

नई दिल्ली: भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (TRAI) ने जून 2026 की टेलीकॉम रिपोर्ट जारी कर दी है। रिपोर्ट के अनुसार देश में टेलीकॉम ग्राहकों की संख्या लगातार बढ़ रही है। जून 2026 के अंत तक कुल टेलीफोन ग्राहकों की संख्या बढ़कर 1,348.08 मिलियन (करीब 134.8 करोड़) पहुंच गई, जबकि मई 2026 में यह आंकड़ा 1,343.10 मिलियन था। यानी एक महीने में लगभग 49.8 लाख नए टेलीफोन कनेक्शन जुड़े और कुल ग्राहक आधार में करीब 0.37 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।
रिपोर्ट के मुताबिक इस बढ़ोतरी में सबसे बड़ा योगदान वायरलेस सेवाओं का रहा है। वहीं ब्रॉडबैंड और 5जी आधारित फिक्स्ड वायरलेस एक्सेस सेवाओं का विस्तार भी लगातार जारी है।
1.30 अरब के पार पहुंचा वायरलेस ग्राहक आधार
TRAI के आंकड़ों के अनुसार जून 2026 के अंत तक मोबाइल और 5जी फिक्स्ड वायरलेस एक्सेस (एफडब्ल्यूए) सेवाओं को मिलाकर देश का कुल वायरलेस ग्राहक आधार 1,300.25 मिलियन तक पहुंच गया। इनमें 749.39 मिलियन ग्राहक शहरी क्षेत्रों और 550.86 मिलियन ग्राहक ग्रामीण क्षेत्रों से हैं।
वहीं देश में कुल ब्रॉडबैंड ग्राहकों की संख्या बढ़कर 1,087.50 मिलियन दर्ज की गई।
जून 2026 के प्रमुख आंकड़े
जून 2026 के अंत तक कुल टेलीफोन ग्राहकों की संख्या 1,348.08 मिलियन रही। वायरलेस ग्राहक 1,300.25 मिलियन, वायरलाइन ग्राहक 47.82 मिलियन और ब्रॉडबैंड ग्राहक 1,087.50 मिलियन दर्ज किए गए।
वायरलेस बाजार में Jio की बादशाहत कायम
जून 2026 के अंत तक वायरलेस मोबाइल बाजार में रिलायंस जियो सबसे बड़ी टेलीकॉम कंपनी बनी रही। रिपोर्ट के अनुसार जियो की बाजार हिस्सेदारी 39.27 प्रतिशत रही, जबकि भारती एयरटेल 37.96 प्रतिशत हिस्सेदारी के साथ दूसरे स्थान पर रही। वोडाफोन आइडिया की हिस्सेदारी 15.50 प्रतिशत और बीएसएनएल की 7.25 प्रतिशत दर्ज की गई।
हालांकि बाजार हिस्सेदारी के मामले में जियो पहले स्थान पर कायम है, लेकिन नए ग्राहकों को जोड़ने के मामले में इस बार एयरटेल सबसे आगे रही।
नए ग्राहक जोड़ने में एयरटेल ने मारी बाजी
जून 2026 के दौरान वायरलेस मोबाइल ग्राहक आधार में कुल 53.8 लाख नए ग्राहक जुड़े। इनमें सबसे ज्यादा नए उपभोक्ता भारती एयरटेल से जुड़े।
कंपनीवार नए वायरलेस मोबाइल ग्राहकों के आंकड़ों के अनुसार भारती एयरटेल ने 29.9 लाख नए ग्राहक जोड़े। रिलायंस जियो ने 21.4 लाख नए ग्राहक जोड़े, जबकि वोडाफोन आइडिया के साथ करीब 1.64 लाख और बीएसएनएल के साथ 94 हजार से अधिक नए ग्राहक जुड़े।
5G FWA और M2M सेवाओं का बढ़ रहा दायरा
रिपोर्ट में बताया गया है कि 5जी फिक्स्ड वायरलेस एक्सेस और मशीन-टू-मशीन (एम2एम) कनेक्टिविटी का उपयोग तेजी से बढ़ रहा है। एफडब्ल्यूए तकनीक के जरिए बिना फाइबर नेटवर्क के घरों तक हाई-स्पीड ब्रॉडबैंड इंटरनेट पहुंचाया जा रहा है। वहीं एम2एम तकनीक का उपयोग स्मार्ट डिवाइस, पीओएस मशीनों, औद्योगिक उपकरणों और इंटरनेट आधारित अन्य मशीनों को आपस में जोड़ने के लिए किया जा रहा है।
वायरलाइन ग्राहकों की संख्या में आई कमी
जहां मोबाइल और वायरलेस सेवाओं का विस्तार लगातार हो रहा है, वहीं पारंपरिक वायरलाइन सेवाओं के ग्राहक घटे हैं। मई 2026 में वायरलाइन ग्राहकों की संख्या 48.64 मिलियन थी, जो जून 2026 में घटकर 47.82 मिलियन रह गई। इससे संकेत मिलता है कि बड़ी संख्या में उपभोक्ता अब मोबाइल और वायरलेस ब्रॉडबैंड सेवाओं को प्राथमिकता दे रहे हैं।



