टॉप न्यूज़राज्यराष्ट्रीय

त्रिपुरा विधानसभा चुनाव: भाजपा ने छह और उम्मीदवारों की दूसरी सूची की जारी

नई दिल्ली. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शनिवार को आगामी त्रिपुरा विधानसभा चुनाव के लिए छह उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी की। जिसमें पार्टी ने सिमना (एसटी) सीट से बिनोद देबबर्मा, मांडईबाजार (एसटी) से तरित देबबर्मा, सूर्यमणिनगर से राम प्रसाद पॉल, कृष्णपुर (एसटी) से बिकाश देबबर्मा, करबुक (एसटी) से आशिम त्रिपुरा और कर्मछरा (एसटी) से ब्रज लाल त्रिपुरा को मैदान में उतारा है।

इससे पहले दिन में पार्टी ने त्रिपुरा विधानसभा चुनाव के लिए 48 उम्मीदवारों की अपनी पहली सूची की घोषणा की। जिसमें धनपुर से केंद्रीय मंत्री प्रतिमा भौमिक को मैदान में उतारा गया है। जबकि, त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा को टाउन बोरदोवाली से भाजपा प्रत्याशी बनाया गया है। पार्टी ने छह मौजूदा विधायकों को आगामी चुनावों के लिए टिकट नहीं दिया गया है।

भाजपा नेताओं अनिल बलूनी और संबित पात्रा ने शनिवार को पार्टी मुख्यालय में आयोजिक एक संवाददाता सम्मेलन में त्रिपुरा विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा के उम्मीदवारों की घोषणा की। भौमिक केंद्र में भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार में केंद्रीय मंत्री हैं। वह त्रिपुरा से सांसद हैं। 2018 के पिछले विधानसभा चुनाव में वामपंथ के गढ़ माने जाने वाले त्रिपुरा में भाजपा ने सरकार बनाई थी।

उससे पहले मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने त्रिपुरा में 25 साल तक शासन किया था। भाजपा का शीर्ष नेतृत्व कांग्रेस के पूर्व नेता और त्रिपुरा के पूर्व शाही परिवार के वंशज प्रद्योत देब बर्मन के नेतृत्व वाली पार्टी तिपरा मोथा के साथ चुनाव पूर्व गठबंधन के लिए बातचीत कर रहे थे, लेकिन अब ऐसे किसी गठबंधन को खारिज कर दिया गया है। वहीं, माकपा इस बार राज्य का चुनाव कांग्रेस के साथ गठबंधन में लड़ रही है।

Related Articles

Back to top button