अन्तर्राष्ट्रीय

UN: कई बेगुनाह लोगों की हत्या और अपहरण कर चुका है बोको हराम

संयुक्त राष्ट्र ने एक जानकारी में बताया है कि उत्तरी नाइजीरिया में आतंकवादी संगठन बोको हराम कई बेगुनाह लोगों की हत्या करके बड़ी संख्या में लोगों अपहरण कर चुका है। यूएन प्रवक्ता स्टीफन दुजारिक ने पत्रकारों को बताया कि हत्या और अपहरण की वारदातें योबे और बोर्नो राज्यों को जोड़ने वाले दमातुरू-बीयू मार्ग पर सोमवार को हुई हैं। हालांकि संयुक्त राष्ट्र के प्रवक्ता ने इस बारे में विस्तृत जानकारी नहीं दी है।

संयुक्त राष्ट्र समेत मानवीय अभियानों में उसके सहयोगियों ने हिंसा की इन वारदातों की निंदा की और नाइजीरियाई अधिकारियों से ऐसी वारदातें रोकते हुए नागरिकों की रक्षा करने के लिए हरसंभव कदम उठाने की अपील की है। बोर्नो से ही करीब एक दशक पहले बोको हराम की शुरुआत हुई थी और यहां बोको हराम ने सबसे घातक हमले किए हैं।

दुजारिक ने कहा कि तब से लेकर अभी तक 36,000 से अधिक लोग संघर्ष में मारे गए हैं, जिनमें से आधे नागरिक थे। उन्होंने कहा कि संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुटेरस ने नागरिकों की हत्या और उनके अपहरण को लेकर चिंता जताते हुए दोषियों को न्याय के दायरे में लाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि संयुक्त राष्ट्र प्रमुख ने पीड़ितों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।

Related Articles

Back to top button