उत्तर प्रदेशटॉप न्यूज़फीचर्डब्रेकिंगमध्य प्रदेशराजनीतिराज्यराष्ट्रीयलखनऊ

एमपी विधानसभा अध्यक्ष का यूपी विधानसभा अध्यक्ष ने किया जोरदार स्वागत

 

पुष्पगुच्छ, शाल एवं मोमेन्टो भेंट कर विधानसभा अध्यक्ष का स्वागत

लखनऊ, 01 जुलाई 2021, दस्तक टाइम्स : मध्य प्रदेश विधान सभा अध्यक्ष गिरिश गौतम ने उत्तर प्रदेश विधान सभा अध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित के विधान भवन स्थित कार्यालय कक्ष में शिष्टाचार भेंट की।  इस मौके पर उत्तर प्रदेश विधान सभा अध्यक्ष ने मध्य प्रदेश विधान सभा  अध्यक्ष को पुष्पगुच्छ, शाल एवं मोमेन्टो भेंट की। तो वहीं मध्य प्रदेश विधान सभा अध्यक्ष ने श्री दीक्षित को शाल व स्मृति चिन्ह भेंट किए।

दोनों माननीय अध्यक्षों ने कोरोना काल में विधान सभा की कार्यवाही संचालन एवं संसदीय विषयों के अतिरिक्त उत्तर प्रदेश विधान सभा की प्रक्रिया तथा कार्य-संचालन नियमावली के विभिन्न प्राविधानों के बारे में विस्तार से चर्चा की। उत्तर प्रदेश विधान सभा में जन महत्व की सूचनाएं नियम-51, नियम-301 को स्वीकृत किये जाने की व्यवस्था का प्राविधान है। उत्तर प्रदेश विधान सभा के अध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित ने मध्य प्रदेश विधान सभा के अध्यक्ष को अवगत कराया कि विधायकों को सूचनाओं के प्रति विशेष रूचि को दृष्टिगत रखते हुए नियम-51 में 10 सूचनाओं से बढ़ाकर 15 सूचनाएं एवं नियम-301 के अन्तर्गत 15 सूचनाओं से बढ़ाकर 20 सूचनाएं की गयी। कभी-कभी सदस्यों की अति प्रबल मांग हो जाने पर आवश्यकतानुरूप उक्त सूचनाएं निर्धारित संख्या से बढ़ाकर स्वीकृत की गयी।

 श्री अध्यक्ष ने मध्य प्रदेश विधान सभा अध्यक्ष को स्वलिखित पुस्तक ‘‘हिन्द स्वराज का पुनर्पाठ’’, ‘‘भारत बोध’’, ‘‘सोचने की भारतीय दृष्टि’’ एवं माह मई-जून, 2021 के अंक ‘‘संसदीय दीपिका’’ पत्रिका भी भेंट की।

मध्य प्रदेश के अध्यक्ष ने उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष को लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला द्वारा सदन को सुचारू रूप से संचालन हेतु गठित समिति की बैठक को भोपाल, मध्य प्रदेश में आयोजित करने के लिये आमंत्रित किया। श्री अध्यक्ष ने उनके निमंत्रण को स्वीकार किया। आपको बता दे कि हृदय नारायण दीक्षित उ.प्र विधान सभा अध्यक्ष इस समिति के अध्यक्ष हैं। मध्य प्रदेश, गुजरात, पंजाब, तमिलनाडु एवं त्रिपुरा विधान सभाओं के अध्यक्ष इस समिति के सदस्य हैं।  मध्य प्रदेश विधान सभा अध्यक्ष के साथ मध्य प्रदेश विधान सभा के प्रमुख सचिव अवधेश प्रताप सिंह व उत्तर प्रदेश विधान सभा के प्रमुख सचिव प्रदीप कुमार दुबे बैठक के समय उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button