उत्तर प्रदेशराज्य

UP Weather Alert: यूपी में मॉनसून का कहर, आकाशीय बिजली और बारिश ने ली 7 जानें, कई जिलों में रेड अलर्ट, स्कूल बंद

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में मॉनसून ने विकराल रूप धारण कर लिया है। लगातार हो रही भारी बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की घटनाओं ने प्रदेश में जनजीवन बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। गुरुवार को बारिश और बिजली से जुड़ी अलग-अलग घटनाओं में कम से कम सात लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हुए हैं। हालात को देखते हुए भारत मौसम विज्ञान विभाग ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने 10 जुलाई को भारी से अत्यंत भारी बारिश की चेतावनी देते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। नोएडा, गाजियाबाद, प्रयागराज और लखनऊ समेत कई शहरों में जलभराव, ट्रैफिक जाम और सड़क धंसने जैसी घटनाओं से आम जनजीवन प्रभावित हुआ है।

बिजली गिरने से तीन लोगों की मौत
संत कबीर नगर की मेहदावल तहसील में खेतों में काम कर रही 17 वर्षीय चांदनी और 60 वर्षीय वरसाना की अलग-अलग गांवों में आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो गई। प्रशासन ने दोनों मामलों की रिपोर्ट तलब करते हुए मृतकों के परिजनों को सरकारी सहायता देने की बात कही है। वहीं कुशीनगर के थड़िभार गांव में खेत की मेड़ पर खड़े 14 वर्षीय राहुल कुमार पर बिजली गिर गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया।

बुलंदशहर में दीवार गिरने से दो लोगों की गई जान
बुलंदशहर के खुर्जा क्षेत्र स्थित मुंडाखेड़ा गांव में लगातार बारिश के चलते एक दीवार अस्थायी टेंटों पर गिर गई। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। इनमें दो घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें हायर सेंटर भेजा गया है। पुलिस के अनुसार राहत और बचाव कार्य पूरा कर लिया गया है तथा मलबे में किसी अन्य व्यक्ति के दबे होने की आशंका नहीं है।

शामली में टिन शेड की दीवार गिरी, एक की मौत
शामली के थाना भवन कस्बे में लगातार बारिश के दौरान टिन शेड की दीवार गिरने से 49 वर्षीय शाहिद की मौत हो गई। हादसे में उनके दो बेटे अमन (17) और नोमान (15) गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका अस्पताल में उपचार जारी है।

गाजियाबाद में नाले में बह गई तीन वर्षीय बच्ची
गाजियाबाद के विजय नगर क्षेत्र स्थित सर्वोदय कॉलोनी में बारिश के पानी से भरे नाले में गिरने से तीन वर्षीय पल्लवी की मौत हो गई। प्रशासन ने पीड़ित परिवार को नियमानुसार आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।

इन जिलों में जारी हुआ रेड अलर्ट
आईएमडी के लखनऊ स्थित क्षेत्रीय मौसम केंद्र के अनुसार मुजफ्फरनगर, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, संभल और बदायूं में भारी से अत्यंत भारी बारिश की संभावना है। इसके अलावा पश्चिमी और मध्य उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का पूर्वानुमान जारी किया गया है। मौसम विभाग का कहना है कि 11 जुलाई तक पूरे प्रदेश में व्यापक वर्षा जारी रहेगी और अगले दो से तीन दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज हो सकती है।

नोएडा-गाजियाबाद में जलभराव, सड़क धंसी, स्कूल बंद
लगातार बारिश के कारण नोएडा और गाजियाबाद के कई इलाकों में घुटनों तक पानी भर गया। जगह-जगह वाहन खराब हो गए और लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। गाजियाबाद के वसुंधरा सेक्टर-13 में निर्माणाधीन बेसमेंट के पास सड़क धंस गई, जिससे वहां खड़ी एक कार और स्कूटर गड्ढे में गिर गए। पास का बिजली का खंभा भी झुक गया, हालांकि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। नोएडा के सेक्टर-33 स्थित परिवहन विभाग कार्यालय में भी पानी भर गया। प्रयागराज में सिविल लाइंस थाना और महिला थाना परिसर जलमग्न हो गए। भारी बारिश के पूर्वानुमान को देखते हुए गाजियाबाद जिला प्रशासन ने शुक्रवार को सभी बोर्डों के स्कूल बंद रखने का आदेश जारी किया है।

मुजफ्फरनगर में ढहा कच्चा मकान, 20 बकरियों की मौत
मुजफ्फरनगर के भोपा थाना क्षेत्र के भोखाहेड़ी गांव में लगातार बारिश के चलते एक कच्चा मकान ढह गया। इस हादसे में 20 बकरियों की मौत हो गई। प्रशासन के मुताबिक पिछले 48 घंटे से जारी बारिश ने जिले में सामान्य जनजीवन को गंभीर रूप से प्रभावित किया है।

लखनऊ समेत कई जिलों में हुई अच्छी बारिश
गुरुवार सुबह 8:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक लखनऊ में 27.2 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। वहीं पिछले 24 घंटे के दौरान मेरठ में 94.9 मिलीमीटर, मुजफ्फरनगर में 68.2 मिलीमीटर, बरेली में 58.8 मिलीमीटर और मुरादाबाद में 22 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। अलीगढ़, कानपुर, प्रयागराज, शाहजहांपुर, आजमगढ़, हरदोई और सुल्तानपुर में भी अच्छी बारिश हुई। प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान आगरा में 36.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि मेरठ, अलीगढ़ और मुजफ्फरनगर प्रमुख शहरों में अपेक्षाकृत कम तापमान रहा।

जानिए क्यों तेज हुई मॉनसून की गतिविधियां
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश के ऊपर बने कम दबाव के क्षेत्र और उससे जुड़े ऊपरी हवा के चक्रवाती परिसंचरण के उत्तर-उत्तरपूर्व दिशा में बढ़ने के कारण उत्तर प्रदेश में मॉनसून गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी वजह से अगले 24 घंटे तक प्रदेश के कई हिस्सों में तेज बारिश, गरज-चमक, आकाशीय बिजली गिरने और स्थानीय स्तर पर बाढ़ जैसे हालात बनने की आशंका है। मौसम विभाग ने रेड और ऑरेंज अलर्ट वाले जिलों के लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने, जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।

Related Articles

Back to top button