स्पोर्ट्स

आईपीएल 2026 फाइनल का वेन्यू तय: अहमदाबाद में होगा खिताबी मुकाबला, क्वालीफायर और एलिमिनेटर के स्थान भी घोषित

आईपीएल 2026 के रोमांचक लीग चरण के बीच अब प्लेऑफ मुकाबलों को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। बीसीसीआई द्वारा पहले जारी शेड्यूल में जहां प्लेऑफ के वेन्यू को लेकर सस्पेंस बना हुआ था, वहीं अब इस पर तस्वीर साफ हो गई है। फाइनल समेत सभी नॉकआउट मुकाबलों के स्थान तय कर दिए गए हैं और इसके साथ ही बेंगलुरु की मेजबानी की उम्मीद खत्म हो गई है।

24 मई को खत्म होगा लीग चरण, चार टीमें करेंगी खिताब की दौड़ में एंट्री

आईपीएल 2026 के लीग फेज का आखिरी दिन 24 मई होगा, जब दो मुकाबले खेले जाएंगे। पहले मैच में मुंबई इंडियंस और राजस्थान रॉयल्स आमने-सामने होंगी, यह मुकाबला मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा। वहीं दिन का दूसरा मैच कोलकाता नाइट राइडर्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच कोलकाता के ईडन गार्डेंस में होगा। इसी के साथ लीग चरण समाप्त हो जाएगा और 10 में से केवल चार टीमें प्लेऑफ में जगह बनाएंगी।

अहमदाबाद में होगा फाइनल, 31 मई को मिलेगा नया चैंपियन

प्लेऑफ के बाद सबसे बड़ा मुकाबला यानी फाइनल 31 मई, रविवार को खेला जाएगा। इस बार फाइनल की मेजबानी अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम को सौंपी गई है। पहले कयास लगाए जा रहे थे कि बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम में फाइनल हो सकता है, लेकिन अब यह स्पष्ट हो गया है कि वहां कोई भी प्लेऑफ मैच आयोजित नहीं होगा।

धर्मशाला और न्यू चंडीगढ़ में होंगे बाकी मुकाबले

फाइनल के अलावा बाकी तीन प्लेऑफ मुकाबलों के वेन्यू भी तय कर दिए गए हैं। पहला क्वालीफायर 26 मई को धर्मशाला में खेला जाएगा। वहीं एलिमिनेटर 27 मई और दूसरा क्वालीफायर 29 मई को न्यू चंडीगढ़ के मुल्लांपुर में आयोजित होंगे।

बेंगलुरु को नहीं मिली मेजबानी, वजह साफ नहीं

इस बार प्लेऑफ के किसी भी मुकाबले की मेजबानी बेंगलुरु को नहीं दी गई है। बताया जा रहा है कि इसके पीछे कुछ राजनीतिक कारण हो सकते हैं, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

प्लेऑफ शेड्यूल एक नजर में

क्वालीफायर 1 – 26 मई
एलिमिनेटर – 27 मई
क्वालीफायर 2 – 29 मई
फाइनल – 31 मई

आईपीएल 2026 अब अपने निर्णायक चरण की ओर बढ़ रहा है और सभी टीमों की नजरें टॉप-4 में जगह बनाने पर टिकी हैं। आने वाले दिनों में यह साफ हो जाएगा कि कौन सी टीमें प्लेऑफ में पहुंचेंगी और कौन सी टीम इस सीजन की ट्रॉफी अपने नाम करेगी।

Related Articles

Back to top button