राजनीतिराष्ट्रीय

तमिलनाडु में विजय सरकार का पहला बड़ा विस्तार: TVK के 21 और कांग्रेस के 2 विधायक बने मंत्री, IUML-VCK को अभी इंतजार

नई दिल्ली: तमिलनाडु में मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय के नेतृत्व वाली तमिलगा वेत्री कड़गम (टीवीके) सरकार का पहला मंत्रिमंडल विस्तार गुरुवार को हो गया। इस विस्तार में टीवीके के 21 और सहयोगी दल कांग्रेस के 2 विधायकों ने मंत्री पद की शपथ ली। इसके साथ ही विजय सरकार में मंत्रियों की कुल संख्या बढ़कर 32 हो गई है।

हालांकि, सरकार को समर्थन देने वाले अहम सहयोगी दल इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) और विदुथलाई चिरुथइगल काची (वीसीके) को फिलहाल मंत्रिमंडल में जगह नहीं मिली है। दोनों दलों के पास विधानसभा में 2-2 विधायक हैं और सरकार के बहुमत समीकरण में उनकी भूमिका अहम मानी जा रही है।

IUML और VCK के लिए आरक्षित हैं पद

रिपोर्ट्स के मुताबिक आईयूएमएल और वीसीके के लिए मंत्रिमंडल में एक-एक पद सुरक्षित रखा गया है, लेकिन दोनों दल अभी तक अपने प्रतिनिधियों के नाम तय नहीं कर पाए हैं। माना जा रहा है कि अगले चरण में इन सहयोगी दलों को भी सरकार में शामिल किया जा सकता है।

टीवीके नेतृत्व लगातार वीसीके, सीपीआई, सीपीएम और आईयूएमएल को औपचारिक रूप से सरकार में शामिल होने का न्योता दे रहा है। फिलहाल ये दल सरकार को बाहर से समर्थन दे रहे हैं।

विजय की इच्छा, सहयोगी भी बनें सरकार का हिस्सा

तमिलनाडु के लोक निर्माण और खेल मंत्री आधव अर्जुन ने हाल ही में कहा था कि मुख्यमंत्री विजय चाहते हैं कि सहयोगी दल भी सरकार का हिस्सा बनें। उन्होंने उम्मीद जताई थी कि वीसीके प्रमुख थोल तिरुमावलवन भी भविष्य में मंत्रिमंडल में शामिल हो सकते हैं।

सीएम विजय ने 10 मई को नौ मंत्रियों के साथ मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। राज्य में अधिकतम 35 मंत्रियों का प्रावधान है। ऐसे में अभी भी तीन पद खाली हैं, जिन्हें आगे सहयोगी दलों को दिया जा सकता है।

करीब 60 साल बाद सत्ता में लौटी कांग्रेस

विजय सरकार के इस विस्तार के साथ तमिलनाडु की राजनीति में एक बड़ा बदलाव भी देखने को मिला। कांग्रेस के दो विधायक राजेश कुमार और तिरु पी. विश्वनाथन ने मंत्री पद की शपथ ली। लगभग छह दशक बाद ऐसा हुआ है जब कांग्रेस तमिलनाडु सरकार का हिस्सा बनी है।

राज्य में पिछली बार कांग्रेस की सरकार एम. भक्तवत्सलम के नेतृत्व में थी, जिसका कार्यकाल मार्च 1967 में समाप्त हुआ था। इसके बाद हुए विधानसभा चुनाव में सीएन अन्नादुरई के नेतृत्व वाली डीएमके ने कांग्रेस को सत्ता से बाहर कर दिया था। तब से अब तक कांग्रेस राज्य की किसी भी सरकार में शामिल नहीं हुई थी।

इन विधायकों ने ली मंत्री पद की शपथ

मंत्री पद की शपथ लेने वालों में टीवीके के श्रीनाथ, कमली एस, सी विजयलक्ष्मी, आरवी रंजीतकुमार, विनोद, राजीव, बी राजकुमार, वी गांधीराज, मथन राजा पी, जगदेश्वरी के, राजेश कुमार एस, एम विजय बालाजी, लोगेश तमिलसेल्वन डी, विजय तमिलन पार्थीबन ए, रमेश, पी विश्वनाथन, कुमार आर, थेन्नारासु के, वी संपत कुमार, मोहम्मद फरवास जे, डी सरथकुमार, एन मैरी विल्सन और विग्नेश के शामिल हैं।

Related Articles

Back to top button