राष्ट्रीय

वॉर्ड बॉय ने एंबुलेंस में महिला से किया रेप

कोडुंगलूर : केरल से एक शर्मनाक घटना सामने आई है। आत्महत्या की कोशिश करने वाली एक महिला को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा था। इसी दौरान एक वॉर्ड बॉय ने एंबुलेंस के अंदर ही उसका रेप कर दिया। यह घटना उस वक्त हुई, जब महिला को त्रिशूर मेडिकल हॉस्पिटल शिफ्ट करने के लिए ले जाया जा रहा था। पुलिस ने यह जानकारी दी है। पुलिस ने बताया कि इस मामले में कोडुंगलूर तालुक अस्पताल के एक कर्मचारी के. दयालाल को आरोपी के तौर पर गिरफ्तार किया गया है। मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में पहुंचने के बाद पीड़िता ने डॉक्टरों को आपबीती बताई। इसके बाद पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी को अरेस्ट कर लिया।

महिला ने जहर खाकर जान देने की कोशिश की थी, लेकिन परिजनों को पता चला तो उसे कोडुंगलूर अस्पताल में एडमिट करा दिया गया था। यहां तबीयत में सुधार न होने पर उसे त्रिशूर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। कोडुंगलूर अस्पताल से मेडिकल कॉलेज शिफ्ट करने के दौरान अस्पताल के कर्मचारी दयालाल को एंबुलेंस में साथ जाने को कहा गया था। इसी दौरान एंबुलेंस में महिला के साथ दयालाल ने रेप किया। पीड़िता ने इस घटना के बारे में शुरुआत में एक नर्स को बताया था और फिर डॉक्टरों को भी जानकारी दी। इसके बाद अस्पताल में ही पुलिस को बुलाया गया।

इसके बाद पुलिस ने आरोपी को दबोच लिया, जो घिनौनी हरकत के बाद भागने की फिराक में था। इस मामले में हेल्थ मिनिस्टर वीना जॉर्ज ने अस्पताल के अधीक्षक से रिपोर्ट तलब की है। आरोपी दयालाल को गिरफ्तारी के साथ ही नौकरी से भी तत्काल प्रभाव से हटा दिया है। वह कॉन्ट्रैक्ट पर नौकरी कर रहा था। दो साल पहले भी ऐसा ही एक वाकया कोट्टयम में हुआ था। तब एक कोरोना पीड़ित युवती से एंबुलेंस ड्राइवर ने रेप किया था। उसके बाद ही सरकार ने आदेश दिया था कि महिला मरीजों को अकेले अस्पताल नहीं ले जाया जाएगा। कोई हेल्थ वर्कर भी उसके साथ रहेगा। पुलिस को संदेह है कि आरोपी ने पहले भी कुछ ऐसी घटनाओं को अंजाम दिया होगा, जिसकी जांच की जा रही है।

Related Articles

Back to top button