Weather Alert: 17 राज्यों पर मौसम का डबल अटैक! कहीं मूसलाधार बारिश तो कहीं लू का कहर, IMD ने जारी की चेतावनी

नई दिल्ली: देशभर में मौसम का मिजाज एक बार फिर दो अलग-अलग रंग दिखा रहा है। एक तरफ कई राज्यों में तेज आंधी, बारिश और बिजली गिरने का खतरा मंडरा रहा है, तो दूसरी ओर उत्तर-पश्चिम भारत के कई इलाके भीषण गर्मी और लू की चपेट में बने हुए हैं। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने बुधवार को देश के 17 राज्यों में भारी बारिश, आंधी-तूफान और तेज हवाओं को लेकर अलर्ट जारी किया है।
17 राज्यों में बारिश-आंधी का अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, बिहार, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, झारखंड, पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, अरुणाचल प्रदेश, असम, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और कर्नाटक में तेज बारिश के साथ आंधी-तूफान की संभावना है। कई इलाकों में 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जबकि आसमानी बिजली गिरने का भी खतरा जताया गया है।
पहाड़ी राज्यों में बिगड़ सकता है मौसम
हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, चंबा और सोलन समेत कई जिलों में तेज हवाओं और भारी बारिश का अनुमान है। मौसम विभाग ने इन क्षेत्रों में 65 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना जताई है। वहीं जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग और किश्तवाड़ के अलावा उत्तराखंड के देहरादून, नैनीताल और हरिद्वार में भी खराब मौसम को लेकर चेतावनी जारी की गई है।
पंजाब-हरियाणा समेत कई राज्यों में लू का प्रकोप
जहां एक ओर बारिश का असर देखने को मिलेगा, वहीं पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में लू का प्रकोप जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। इसके अलावा गोवा और ओडिशा में गर्मी के साथ उमस भी लोगों की परेशानी बढ़ा सकती है।
उत्तर भारत में कब मिलेगी राहत?
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 11 जून के बाद उत्तर भारत में आंधी और बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। इससे तापमान में कुछ गिरावट आने और लोगों को गर्मी से आंशिक राहत मिलने की उम्मीद है। फिलहाल दक्षिण भारत और पूर्वोत्तर राज्यों में मॉनसून तेजी से आगे बढ़ रहा है। अनुमान है कि जून के अंतिम सप्ताह तक मॉनसून उत्तर भारत के अधिकांश हिस्सों में पहुंच सकता है।



