उत्तर प्रदेशमेरठराज्य

वेस्ट यूपी में आंधी बारिश से बदला मौसम, बवंडर ने मचाई तबाही

आंधी-बारिश के साथ आए बवंडर ने आम की फसल और पेड़ों को नुकसान पहुंचाया। विद्युत निगम को भी लाखों की हानि हुई है।

Meerut News: वेस्ट यूपी के जिलों में आंधी बारिश से मौसम बदल गया है। बवंडर ने आम के बागों में तबाही मचाई है। मेरठ, गाजियाबाद, हापुड , मुजफ्फरनगर, शामली और बिजनौर समेत वेस्ट यूपी के जिलों में आंधी बारिश के कारण मौसम बदल गया है। कई जगहों पर पेड़ और बिजली के खंभे गिरे हैं।
आंधी और बारिश का अलर्ट लोगों के मोबाइल पर सायरन के साथ जारी
आंधी और बारिश का अलर्ट लोगों के मोबाइल पर सायरन के साथ जारी किया गया। मेरठ के मवाना क्षेत्र के गांव ततीना में तड़के भीषण बवंडर ने तबाही मचाई है। आंधी-बारिश के साथ आए बवंडर ने आम की फसल और पेड़ों को नुकसान पहुंचाया। विद्युत निगम को भी लाखों की हानि हुई है। गनीमत रही कि बवंडर जंगल से होकर गुजर गया। जिससे बड़ी जनहानि टल गई। बवंडर की तीव्रता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि बाग में सो रहे रखवालों की फोल्डिंग पलंग हवा में उड़कर पेड़ पर लटक गई। बाग के रखवाले ने बताया कि तेज आवाज सुनकर नींद खुली तो उसने बवंडर देखा और जान बचाने के लिए बाग में बने कमरे के अंदर पहुंच गया। आधा घंटे तक चले इस बवंडर के बाद क्षेत्र में ओले पड़े हैं।
आम के करीब 70 पेड़ जड़ से उखड़ गए
खेतों और बागों में खड़े आम के करीब 70 पेड़ जड़ से उखड़ गए। पेड़ गिरने के कारण धनपुर-तोफापुर मार्ग बाधित हो गया। जिसे बाद में पेड़ों को हटाकर खुलवा दिया गया। बवंडर से आम की फसल को भारी नुकसान पहुंचा। ओलावृष्टि से चारे और गन्ने (ईख) की फसल भी बर्बाद हो गई। प्रभावित किसानों ने सरकार से मुआवजे की गुहार लगाई है। एसडीएम ने लेखपाल को मौके पर जाकर रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए।

Related Articles

Back to top button