
जयपुर: राजस्थान में भारी बारिश का दौर अब कमजोर पड़ता नजर आ रहा है, लेकिन शुक्रवार को भी प्रदेश के 18 जिलों में तेज बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। गुरुवार को जैसलमेर, जोधपुर, बाड़मेर और सिरोही समेत कई इलाकों में बारिश हुई। जैसलमेर में तेज बारिश के बाद बरसाती नदियां बहने लगीं। बारिश के चलते कई इलाकों के तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई।
मौसम विभाग के मुताबिक 16 अगस्त से राजस्थान में बारिश का दौर और कमजोर होने की संभावना है। इसके बाद अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रह सकता है। हालांकि कुछ स्थानों पर हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना बनी रहेगी। अगले करीब एक सप्ताह तक प्रदेश में भारी बारिश का दौर थमने की संभावना है।
बनेड़ा में सबसे ज्यादा 50 मिमी बारिश
गुरुवार को राजस्थान में सबसे अधिक बारिश भीलवाड़ा के बनेड़ा में 50 मिमी दर्ज की गई। इसके अलावा चित्तौड़गढ़, बाड़मेर, बारां, धौलपुर, जैसलमेर, जोधपुर और सिरोही में एक इंच से अधिक बारिश हुई। उदयपुर, श्रीगंगानगर, टोंक, सवाई माधोपुर, राजसमंद, प्रतापगढ़, नागौर, कोटा, करौली, डूंगरपुर, भरतपुर, दौसा, बांसवाड़ा और अलवर में भी कई जगह हल्की बारिश दर्ज की गई।
जैसलमेर में बारिश का असर तापमान पर भी साफ दिखाई दिया। यहां अधिकतम तापमान करीब 6 डिग्री तक गिरकर 31.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। श्रीगंगानगर में 38.5, चूरू में 36.2, बीकानेर में 35.3, जोधपुर में 33.3, बाड़मेर में 32.3, पिलानी में 35.9, अलवर में 36, दौसा में 35.8 और हनुमानगढ़ में 37.1 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा।
त्रिवेणी नदी में पानी बढ़ा, बीसलपुर बांध की आवक तेज
भीलवाड़ा, ब्यावर, टोंक और चित्तौड़गढ़ के आसपास हुई बारिश का असर बीसलपुर बांध पर भी पड़ा है। बारिश के बाद त्रिवेणी नदी में पानी बहने लगा है, जिससे बांध में पानी की आवक बढ़ गई है। पिछले 48 घंटों में बीसलपुर बांध का गेज करीब 27 सेंटीमीटर बढ़ा है।
पश्चिमी राजस्थान में बारिश ज्यादा, कई पूर्वी जिले पिछड़े
इस मानसून सीजन में पूर्वी राजस्थान की तुलना में पश्चिमी राजस्थान में अधिक बारिश हुई है। प्रदेश के कई पूर्वी जिले अब भी औसत से कम बारिश वाले क्षेत्रों में शामिल हैं। बांसवाड़ा, बूंदी, दौसा, डूंगरपुर, सवाई माधोपुर, टोंक, अजमेर, अलवर, करौली, झालावाड़, खैरथल और कोटपूतली में सामान्य से काफी कम बारिश दर्ज की गई है।
अब तक सबसे ज्यादा बारिश वाले पांच जिलों में पश्चिमी राजस्थान के फलोदी, बीकानेर, ब्यावर और डीडवाना-कुचामन शामिल हैं। पूर्वी राजस्थान से केवल डीग इस सूची में शामिल है।
जयपुर के शाहपुरा में 50 मिमी बारिश
जयपुर में गुरुवार को ज्यादातर इलाकों में मौसम साफ रहा। हालांकि दिल्ली बाईपास पर शाहपुरा और कोटपूतली के बीच अच्छी बारिश हुई। शाहपुरा में दोपहर के समय 50 मिमी यानी करीब 2 इंच बारिश दर्ज की गई। कोटपूतली के पास करीब 5 मिमी बारिश हुई। जयपुर शहर और आसपास के ग्रामीण इलाकों में दिनभर हल्के बादल छाए रहे और बीच-बीच में धूप भी निकली। जयपुर का अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री सेल्सियस रहा।
उदयपुर में बारिश, जोधपुर में उमस ने बढ़ाई परेशानी
उदयपुर में गुरुवार सुबह हल्की रिमझिम बारिश हुई। मावली के बागोलिया बांध क्षेत्र में भी अच्छी बारिश दर्ज की गई। सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक बागोलिया बांध पर 31 मिमी और उदयपुर शहर में 10 मिमी बारिश हुई। पानी की लगातार आवक को देखते हुए उदयसागर बांध के दोनों गेट 3-3 इंच तक खोले गए। उदयपुर में अधिकतम तापमान 29.6 और न्यूनतम 22 डिग्री सेल्सियस रहा।
जोधपुर में दिनभर मौसम मुख्य रूप से साफ रहा। सुबह बादल छाए रहे, लेकिन दोपहर में तेज धूप निकलने के बाद उमस बढ़ गई। यहां अधिकतम तापमान 33.3 और न्यूनतम 26.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
सीकर और अलवर में बारिश का इंतजार
सीकर में गुरुवार को बारिश नहीं हुई। पूरे दिन उमस और गर्मी का असर बना रहा। यहां अधिकतम तापमान 34 और न्यूनतम 24.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अलवर में भी सुबह तेज धूप रही और दोपहर में उमस भरी गर्मी महसूस हुई। अधिकतम तापमान करीब 36 डिग्री रहा। शाम के समय अचानक आसमान में घने काले बादल छा गए।
अजमेर में सूखा मौसम, कोटा में 24.4 मिमी बारिश
अजमेर में दिनभर बादल छाए रहे, लेकिन बारिश नहीं हुई। यहां अधिकतम तापमान 32 और न्यूनतम 22.2 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं कोटा में अधिकतम तापमान 31.2 और न्यूनतम 25.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पिछले 24 घंटों में कोटा जिले में 24.4 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।



