बरेली में पत्नी की बेरहमी से हत्या, सिर में ईंट मारकर मौत के घाट उतारा; बच्चों को लेकर पति फरार

बरेली: जोगीनवादा में पारिवारिक विवाद के बाद एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी के सिर पर ईंट से हमला कर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी पति अपनी तीन साल की बेटी को लेकर फरार हो गया। वहीं 13 और 15 साल के दो बेटे भी घर से गायब मिले हैं। पुलिस को आशंका है कि आरोपी दोनों बेटों को भी अपने साथ ले गया है। पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
मायके से लौटने के बाद फिर हुआ विवाद
जोगीनवादा की हनुमान मूर्ति वाली गली निवासी 39 वर्षीय सरोज की शादी सतीश राठौर से हुई थी। पुलिस के मुताबिक, दोनों के बीच अक्सर पारिवारिक विवाद होता रहता था। सरोज दो-तीन दिन पहले ही अपने मायके से वापस आई थी।
गुरुवार को पति-पत्नी के बीच फिर किसी बात को लेकर विवाद हुआ। इसी दौरान सतीश ने ईंट से सरोज के सिर पर हमला कर दिया। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण सरोज की मौत हो गई।
हत्या के बाद बेटी को लेकर निकला आरोपी
पुलिस के मुताबिक, पत्नी की हत्या करने के बाद सतीश अपनी तीन वर्षीय बेटी वंदना को लेकर घर से फरार हो गया। वहीं 13 वर्षीय लखन और 15 वर्षीय राजेश भी घर पर नहीं मिले। दोनों के लापता होने के बाद पुलिस इस आशंका के आधार पर भी जांच कर रही है कि आरोपी उन्हें भी अपने साथ ले गया है।
घटना की सूचना मिलने के बाद बारादरी पुलिस के साथ पुलिस अधिकारी और फील्ड यूनिट मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। मायके वालों की मौजूदगी में शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मीरगंज में भी महिला की हत्या का मामला
बरेली के मीरगंज क्षेत्र के गहवरा गांव में इससे एक दिन पहले महिला की हत्या का मामला सामने आया था। लखीमपुर खीरी के पलिया निवासी अंजू की शादी करीब छह साल पहले गहवरा गांव के जयदेव से हुई थी। अंजू अपने पिता के साथ उत्तराखंड के रुद्रपुर में रहकर नौकरी करती थी।
मंगलवार शाम वह अपनी ससुराल गहवरा पहुंची थी। रात में किसी बात को लेकर उसका पति से विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान जयदेव ने अंजू के सिर पर सिलबट्टे से हमला कर दिया। घायल होने के बाद उसका गला दबाकर हत्या किए जाने का आरोप है।
रामगंगा किनारे शव जलाने की कोशिश
आरोप है कि हत्या के बाद शव को ठिकाने लगाने के लिए परिजन और कुछ लोग उसे रामगंगा के किनारे ले गए। वहां लकड़ियों और उपलों से चिता तैयार कर अंतिम संस्कार शुरू कर दिया गया।
इसी दौरान किसी व्यक्ति ने पुलिस को सूचना दे दी। सूचना मिलते ही डायल 112 और थाना प्रभारी रवि कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस को वहां चिता जलती मिली। पुलिसकर्मियों ने पानी डालकर आग बुझाई और चिता से शव बाहर निकलवाया।
पुलिस के पहुंचने से पहले ही मौके पर मौजूद लोग वहां से भाग गए थे। महिला के शव का चेहरा और बाल कुछ हिस्सों में झुलस गए थे।
छत पर मिला खून लगा सिलबट्टा
मामले की गंभीरता को देखते हुए सीओ अजय कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे। फील्ड यूनिट ने रात में ही मृतका के घर की जांच की। इस दौरान मकान की छत पर छिपाकर रखा गया सिलबट्टा बरामद हुआ, जिस पर खून के निशान मिले हैं।
जांच के दौरान महिला के सिर, गले और हाथ पर चोट के निशान भी पाए गए। पुलिस के मुताबिक, शुरुआती साक्ष्यों से सिर पर सिलबट्टे से हमला करने और इसके बाद गला दबाने की बात सामने आ रही है। पुलिस ने सिलबट्टे समेत अन्य साक्ष्यों को कब्जे में लेकर जांच के लिए भेज दिया है।



