राज्यराष्ट्रीय

आस्था का सम्मान करने वाली सरकार चाहिए: योगी

पीलीभीत: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हमने राष्ट्रवाद की स्थापना का कार्य किया, कई बड़े-बड़े प्रोजेक्ट को लाने का काम किया। कहा कि देश की आन-बान-शान बनाने और आस्था का सम्मान करने वाली सरकार चाहिए।

मुख्यमंत्री योगी सोमवार को पीलीभीत में राजकीय मेडिकल कॉलेज समेत 380 करोड़ रुपये से 70 परियोजनाओं का तोहफा दे रहे थे। पीलीभीत में जनविश्वास यात्रा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हमारी डबल इंजन की सरकार गरीबों को महीने में दो बार राशन दे रही है। इस तरह का काम पहले की भी सरकारें कर सकती थीं, लेकिन यह पहले पैसा कहां जाता था। यह पैसा पिछली सरकार के लोगों की जेब में चला जाता था। अब वही पैसा हम लोग उनकी दीवालों से निकाल रहे हैं। नोट की गड्डियां निकल रही है आप देख रहे हैं कि नोटों का पहाड़ निकल रहा है। यह गरीबों का धन है। आज हम गरीब के पैसे से उसके घर बनाने, शौचालय बनाने, फ्री वैक्सीन, फ्री राशन देने का काम कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि आज देश की आन-बान-शान बचाने वाली सरकार चाहिए, आस्था का सम्मान करने वाली सरकार चाहिए। सपा, बसपा और कांग्रेस की सरकार यह सब नहीं करती। उन्होंने कहा कि पीलीभीत का किसान अपनी पुरुषार्थ से एक नई कहानी लिख रहा है। अब यहां दंगा नहीं गन्ना का उत्पादन किया जाता है। उन्होंने कहा कि पांच वर्ष पहले यूपी की हालत अराजकता, गुंडागर्दी, शोषण और अव्यवस्था के साथ ही पहचान का संकट खड़ा था।

कहा कि हमारी सरकार बनने पर सबसे पहला काम किसानों का 36 हजार करोड़ रुपये का कर्ज माफ किया गया। पर्व और त्योहार में शांति का काम आगे बढ़ता रहा और कोरोना जैसी महामारी में फ्री वैक्सीन, फ्री में उपचार और फ्री का राशन दिया गया। अब किसी दंगाई की प्रदेश में दंगे करने की हिम्मत नहीं है, क्योंकि प्रदेश में दंगा करने पर उनकी पीढ़ियां इसका भुगतान करते करते खप जाएंगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पीलीभीत की बांसुरी जो कभी भगवान श्रीकृष्ण बजाया करते थे, उसको फिर से स्थापित करने का काम किया जा रहा है। आज हमने इस उद्योग को ओडीओपी से जोड़ा है। जिससे यहां की परम्परा को आगे बढ़ाया जाएगा। यहां उद्योग की स्थापना की गई है जिससे नौजवानों को रोजगार के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा, यहीं पर उन्हें रोजगार मिलेगा।

Related Articles

Back to top button