टॉप न्यूज़राज्यराष्ट्रीय

असम-मिजोरम के बीच जारी तनाव के बीच बदमाशों ने रेलवे ट्रैक को किया नष्ट

नई दिल्ली: दो राज्यों असम और मिजोरम के बीच चल रही तनातनी के बीच अज्ञात बदमाशों ने असम में रेलवे ट्रैक को नुकसान पहुंचाया है। जानकारी के मुताबिक अज्ञात बदमाशों ने हैलाकांडी जिले में मोहम्मदपुर रेलवे स्टेशन और रामनाथपुर रेलवे स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक को नष्ट कर दिया है। मिजोरम के गृह सचिव लालबियाकसांगी ने कहा कि यह एक मात्र रेलवे ट्रैक था जो मिजोरम के बैराबी रेलवे स्टेशन को कनेक्ट करता था। लेकिन रेलवे ट्रैक को नुकसान पहुंचाने के बाद से मिजोरम को कनेक्ट करने वाला यह रेलवे ट्रैक ब्लॉक हो गया है।

पिछले कुछ दिनों से असम और मिजोरम के साथ लगे सीमा पर जारी संघर्ष ने दोनों राज्यों के बीच तनाव की स्थिति उत्पन्न कर दी है। असम सरकार ने मिजोरम के साथ सीमा विवाद को ले कर हुए संघर्ष में पांच पुलिसकर्मियों और एक आम नागरिक की मौत पर मंगलवार से तीन दिन के राजकीय शोक की घोषणा की। इस बीच असम-मिजोरम सीमा पर तनाव बना हुआ है और सीमा से लगते कछार जिले के लोगों ने पड़ोसी राज्य की आर्थिक नाकेबंदी की धमकी दी है। इधर गृहमंत्रालय ने असम-मिजोरम की अंशात सीमा पर तटस्थ केंद्रीय बलों को तैनात करने का फैसला किया है। यहां संघर्ष में पांच पुलिस कर्मियों और एक नागरिक की मौत हो गई थी। अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि केंद्रीय गृह सचिव अजय भल्ला की अध्यक्षता में दो घंटे तक चली बैठक में यह निर्णय लिया गया है।

इस बैठक में असम के मुख्य सचिव जिष्णु बरुआ और पुलिस महानिदेशक भास्कर ज्योति महंत तथा मिजोरम के उनके संबंधित समकक्षों लालनुनमाविया चुआंगो और एसबीके सिंह ने हिस्सा लिया। गृह मंत्रालय के एक अधिकारी ने जानकारी दी है कि दोनों राज्य सरकारों ने राष्ट्रीय राजमार्ग 306 पर अशांत अंतरराज्यीय सीमा पर तटस्थ केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) की तैनाती के लिए सहमति व्यक्त की है। तटस्थ बल की कमान सीएपीएफ के एक वरिष्ठ अधिकारी के हाथ में होगी। इसके अलावा, बल के कामकाज को सुविधाजनक बनाने के लिए, दोनों राज्य सरकारें उचित समय सीमा में केंद्रीय गृह मंत्रालय के समन्वय से व्यवस्था करेंगी। अधिकारियों ने बताया कि गृह सचिव ने असम और मिजोरम के प्रतिनिधिमंडलों को यह भी बताया कि दोनों सरकारों को सीमा मुद्दे को सौहार्दपूर्ण तरीके से हल करने के लिए पारस्परिक रूप से चर्चा जारी रखनी चाहिए।

असम और मिजोरम के बीच चल रहे सीमा संघर्ष को सुलझाने के लिए केंद्रीय गृह मंत्रालय ने दोनों राज्यों के मुख्य सचिवों और पुलिस प्रमुखों को बुलाया था। बाद में, मिजोरम के मुख्य सचिव ने संवाददाताओं से बात करते हुए कहा कि अंतरराज्यीय सीमा पर स्थिति फिलहाल शांतिपूर्ण है और बैठक में इस बात पर सहमति बनी है कि हर कोई शांति बनाए रखने की कोशिश करेगा और हिंसा में शामिल होने का कोई मतलब नहीं है।

उन्होंने कहा कि विवादित क्षेत्र से राज्य बलों को हटाया जा रहा है। असम के मुख्य सचिव ने कहा कि सीएपीएफ अंतरराज्यीय सीमा की जिम्मेदारी संभालेगा। उन्होंने कहा कि पुलिस बलों की वापसी की प्रक्रिया पर काम किया जा रहा है।इससे पहले मंत्रालय के एक अधिकारी ने कहा, “केंद्र सरकार असम-मिजोरम सीमा विवाद से चिंतित है जिसके कारण हिंसा हुई और छह लोगों की मौत हो गई। बैठक का उद्देश्य तनाव कम करना, शांति स्थापित करना और संभावित समाधान खोजना है।

Related Articles

Back to top button