राजनीतिराज्यराष्ट्रीय

इस हालत में भी काम कर रहे हैं गोवा CM मनोहर पर्रिकर, लोग कर रहे तारीफ

गोवा के मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर 2 महीने बाद सार्वजनिक रूप से घर से निकले हैं। रविवार को वो पुल का निरीक्षण करने पहुंचे।

पणजी: लंबे समय से बीमार चल रहे गोवा के मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर की रविवार को एक तस्वीर आई, जिसमें वो एक पुल का मुआयना करते हुए नजर आए। उनकी ये तस्वीर चर्चा का विषय बनी हुई है, ऐसा इसलिए है, क्योंकि इसे देखकर उनकी हालत का अंदाजा लगाया जा सकता है। उनकी नाक में नली लगी हुई है, वो बेहद कमजोर लग रहे हैं। इतनी हालत खराब होने के बाद भी लगातार अपना काम करते रहने के लिए लोग जमकर उनकी तारीफ कर रहे हैं। कई लोग उन्हें आराम करने की भी सलाह दे रहे हैं।

पर्रिकर ने मंडोवी नदी पर बन रहे एक पुल का निरीक्षण किया और फिर अगासैम गांव के पास जुआरी नदी पर बन रहे एक पुल का भी मुआयना किया। दिल्ली स्थित एम्स से छुट्टी के बाद करीब दो महीने में वह पहली बार सार्वजनिक तौर पर नजर आए हैं। एम्स से 14 अक्टूबर को छुट्टी मिलने के बाद वो गोवा लौट आए थे। पर्रिकर अग्नाशय संबंधी बीमारी से पीड़ित हैं और एम्स से छुट्टी के बाद यहां नजदीक में अपने निजी आवास में स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं। 14 अक्टूबर के बाद यह पहली बार है जब वह अपने घर से बाहर निकले हैं। पर्रिकर का पैंक्रियाटिक कैंसर का इलाज चल रहा है।

हाल ही में उनके जन्मदिन के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह ने उन्हें बधाई दी थी। पीएम मोदी ने ट्वीट किया था, ‘मेरे दोस्त और गोवा के मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर जी को जन्मदिन की बधाई। पर्रिकर जी अपने दयालु, जमीन से जुड़े और मेहनती प्रकृति के लिए जाने जाते हैं। वह गोवा के विकास के बारे में बेहद भावुक हैं। पूरा देश पर्रिकर जी के अच्छे स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना करता है।’ वहीं अमित शाह ने ट्वीट किया, ‘गोवा के मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर जी को जन्मदिन की बधाई। गोवा के विकास के प्रति उनकी प्रतिबद्धता वास्तव में असाधारण है, मैं उनके अच्छे स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना करता हूं।’

Related Articles

Back to top button