उत्तर प्रदेशराजनीतिराज्य

उपचुनाव में विजयी भाजपा के युवराज सिंह ने ली शपथ…

लखनऊ । हमीरपुर सदर विधानसभा सीट पर उपचुनाव में विजयी भाजपा के युवराज सिंह ने मंगलवार को विधायक पद की शपथ ली। विधानसभा अध्यक्ष ह्रदय नारायण दीक्षित ने अपने कक्ष में युवराज सिंह को शपथ दिलाई। शुक्रवार को हुई मतगणना में भाजपा ने 74,409 मत पाकर सपा प्रत्याशी मनोज प्रजापति को 17,867 मतों से पराजित किया था। मनोज को 56,542 मत ही मिले। बसपा प्रत्याशी नौशाद अली 28,798 मत ही पा सके। कांग्रेस के हरदीपक निषाद चौथे नंबर पर रहे, उन्हें 16,097 मत ही मिले। बसपा, कांग्रेस, सीपीआइ समेत सात प्रत्याशी जमानत भी नहीं बचा सके थे।

वर्ष 2017 में हमीरपुर सदर विधानसभा सीट भाजपा के अशोक सिंह चंदेल ने जीती थी। कत्ल में उम्रकैद होने के बाद चंदेल की सदस्यता रद होने के बाद 23 सितंबर को वोट पड़े थे। मैदान में कुल नौ प्रत्याशी थे। शुक्रवार को मतगणना शुरू हुई तो भाजपा प्रत्याशी युवराज सिंह पहले ही राउंड में 300 मत से आगे थे। यह बढ़त 14वें राउंड तक लगातार बढ़ती रही। 15वें से 17वें राउंड तक सपा प्रत्याशी ने भी जोर पकड़ा, लेकिन 18वें राउंड में फिर स्थित उलट हो गई। 25वें राउंड तक भाजपा की बढ़त 10 हजार पार हुई तो सपा समर्थकों में मायूसी छाने लगी। 34 राउंड चली गणना के बाद युवराज सिंह 17,867 मतों से विजयी घोषित किए गए।

Related Articles

Back to top button