राष्ट्रीय

कट्रेनिकोना पहुंचा साइक्लोन पेथाई, तेज हवाओं के साथ हो रही भारी बारिश

भुवनेश्वर : आंध्र प्रदेश एक बार फिर से एक नए चक्रवात की आमद से सहमा हुआ है। दक्षिण बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के कारण चक्रवाती तूफान का रूप धारण किए ‘पेथाई’ आंध्र प्रदेश पहुंच चुका है और सबसे पहले यह कट्रेनिकोना के तट से टकराया है। इसके तट से टकराने के बाद पूर्वी गोदावरी, विजाग, विजियानगरम और श्रीकाकुलम में भारी बारिश के अलावा 80 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से हवाएं चल लही हैं। तूफान की आमद से पहले ही पूर्वी गोदावरी जिले के काकीनाडा में समुद्र का मिजाज खराब नजर आ रहा और ऊंची लहरें उठ रही है। इस तूफान का असर आंध्र प्रदेश के अलावा छत्तीसगढ़, ओडिशा, महाराष्ट्र समेत कई राज्यों में नजर आएगा और लगातार बारिश हो सकती है। वहीं उत्तर-पूर्वी भारत के अलावा पूर्वी मध्यप्रदेश में बारिश की संभावना जताई गई है। इसे देखते हुए आंध्र प्रदेश में अलर्ट जारी कर दिया गया है वहीं स्कूलों की छुट्टी भी घोषित कर दी गई है। चक्रवात को देखते हुए एहतियातन 22 पैसेंजर ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है वहीं एक ट्रेन रिशेड्यूल की गई है जबकि एक ट्रेन को आंशिक रूप से रद्द किया गया है। आशंका जताई जा रही है कि तूफान के कारण 100-120 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। हालांकि, इसकी तीव्रता हाल ही में आए तीतली तूफान से कम बताई जा रही है। मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने आरटीजीएस के अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे किसी भी स्थिति से निपटने को तैयार रहें। सरकार की ओर राज्य में कई एनडीआरएफ की टीमों को तैनात किया गया है।

आंध्र प्रदेश और उसके आसपास के क्षेत्र में 45 से 55 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल रही है। सोमवार को हवा की गति 100 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। चेतावनी केंद्र की ओर से जारी अलर्ट में कहा गया है कि, भारी तूफान से विशाखापत्तनम के निचले इलाकों व आंध्र प्रदेश के पूर्वी गोदावरी, पश्चिम गोदावरी, कृष्ण व गुंटूर तटीय जिले और पुडुचेरी के यानम जिले में तूफान के दस्तक देने के वक्त एक मीटर तक तूफान उठ सकता है। शनिवार को संयुक्त विशेष राहत आयुक्त प्रभात रंजन महापात्र ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि यह तूफान आंध्र प्रदेश की तरफ बढ़ने से ओडिशा में इसका विशेष प्रभाव नहीं पड़ेगा। ओडिशा में पहले जो भारी बारिश होने की संभावना जताई गई थी, वह अब नहीं है। हालांकि तटीय जिलों में सामान्य बारिश होगी। ऐसे में किसानों को तैयार फसल को सुरक्षित स्थान पर ले जाने के लिए परामर्श दिया गया है। महापात्र ने बताया कि इस तूफान को लेकर हम मौसम विभाग के साथ निरंतर संपर्क में हैं। साथ ही राज्य के सभी जिलाधिकारियों को भी पेथाई को लेकर सतर्क रहने को कहा गया है।

Related Articles

Back to top button