मनोरंजनराजनीतिराज्यराष्ट्रीय

कांग्रेस अपने नामदार की शह पर अब गाली-गलौच पर उतर आई: नरेंद्र मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विदिशा में एक रैली के दौरान कहा कि कांग्रेस गाली-गलौच पर उतर आई है। उन्होंने यह भी कहा कि उनकी मां को गाली देने से कांग्रेस का काम नहीं चला तो उनके मृत पिता का नाम भी चुनाव में कांग्रेस द्वारा घसीटा जा रहा है।

विदिशा: मध्य प्रदेश के विदिशा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस नेता की बदजुबानी का जवाब देते हुए कांग्रेस पर पलटवार किया। कांग्रेस नेता विलासराव मुत्तेमवार का एक बयान सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। अपने पिता पर कांग्रेस नेता की टिप्पणी का जवाब देते हुए पीएम मोदी ने कहा कि उनकी मां को गाली देने से कांग्रेस को कुछ फायदा नहीं हुआ तो अब वह उनके पिता को चुनाव में घसीटने लगी है। पीएम ने इशारों में राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि वह किसी परिवार के खिलाफ नहीं बल्कि कांग्रेस के पूर्व नेताओं के खिलाफ बोल रहे हैं। पीएम ने मोदी ने जनसभा के दौरान कहा, ‘आज मैंने देखा टीवी में सोशल मीडिया में चल रहा है, मेरी मां को गाली देने से कुछ मिल नहीं पाया तो आज मेरे पिताजी को घसीट के ले आए। मेरे पिताजी जो 30 साल पहले यह दुनिया छोड़कर के चले गए।

मेरे परिवार का 100 पीढ़ी में भी किसी का राजनीति में संबंध नहीं है। छोटा सा गांव गरीब परिवार जैसे होते हैं वैसी जिंदगी गुजारने वाले लोग। क्या कारण है कि आज मेरे पिताजी को भी घसीट के ले आए, जो 30 साल पहले दुनिया छोड़ के चले गए हैं। कांग्रेस के नामदार कहते हैं कि मोदीजी भी तो मेरे परिवार के लिए बोलते हैं। अरे नामदार हम आपके परिवार के किसी भी व्यक्ति के लिए नहीं बोलते हैं। हम देश के भूतपूर्व प्रधानमंत्रियों के लिए बोल रहे हैं। देश के भूतपूर्व कांग्रेस के नेताओं के खिलाफ बोल रहे हैं।’ पीएम ने कांग्रेस पर गाली-गलौच का आरोप लगाते हुए कहा, ‘कांग्रेस पार्टी जनता का विश्वास खो चुकी है इसलिए अपने नामदार की शह पर अब गाली-गलौच पर उतर आई। कांग्रेस के नामदार पहले मोदी पर चोरी का आरोप लगाते थे, अब तो उन्होंने हद ही कर दी। हमारे विदिशा के युवाओं को चोर कह दिया। कांग्रेस में गली का कार्यकर्ता हो या दिल्ली में बैठा नेता, कोई भी नामदार की इच्छा के बिना कुछ नहीं बोल सकता।’

काम का मुकाबला करने की चुनौती

पीएम मोदी ने अपने चार साल के कार्यकाल की तारीफ करते हुए कहा, ‘कांग्रेस की चार पीढ़ी और चायवाले के चार साल, आओ हो जाए मुकाबला। कांग्रेस के दशकों के शासन और शिवराज जी के 15 सालों का शासन, आओ हो जाए मुकाबला। कांग्रेस चाहे तो अपने कार्यकाल और शिवराज जी के कार्यकाल की तुलना कर ले। खुद ही पता चल जाएगा कि किसने क्या किया? कांग्रेस के शासन में आप लोगों ने जो मुसीबतें झेली हैं, क्या कांग्रेस की सरकार दोबारा लाकर आप अपने बच्चों को फिर से वही जिन्दगी देना चाहते हो क्या? जो 55 सालों में कुछ नहीं कर पाए वह आगे कुछ कर पाएंगे ऐसा संभव नहीं लगता।’

‘जनता को मौका मिलता है तो कांग्रेस को घुसने नहीं देती’

पीएम मोदी ने उदाहरण देते हुए यह कहा कि एक बार जनता को जहां पर मौका मिल जाता है, वहां दोबारा कांग्रेस घुस नहीं पाती है। उन्होंने कहा, ‘पहले कांग्रेस के सामने चुनौती नहीं थी तो ये आ जाते थे लेकिन जहां-जहां कांग्रेस को चुनौती मिली और ये एक बार गए तो कभी वापस नहीं लौटे। इसका सबसे बड़ा उदाहरण उत्तर प्रदेश है। बिहार के लोगों ने लालू को स्वीकार कर लिया लेकिन कांग्रेस को नहीं। पश्चिम बंगाल में 40 साल हो गए, गुजरात में 30 साल हो गए लेकिन कांग्रेस पार्टी को कोई घुसने नहीं देता। ओडिशा से एक बार बाहर हो गए तो आज तक नहीं लौटे। जैसे ही जनता को कोई मौका मिलता है वह कांग्रेस को घुसने नहीं देती है।’

कांग्रेस पर परिवारवाद का आरोप

मोदी ने कांग्रेस पर परिवारवाद का आरोप लगाते हुए कहा, ‘कांग्रेस के नेता का विडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वह बता रहे हैं कि यह फलाने का बेटा है, यह फलाने की बेटी है। अरे भाई उसने क्या किया है, यह भी तो लोगों को बताओ। कांग्रेस के अंदर से वंशवाद नहीं जा रहा है।’ कांग्रेस की पूर्ववर्ती सरकार पर हमला बोलते हुए मोदी ने कहा, ‘जब मैडम की सरकार थी तो मध्य प्रदेश में 4 साल में 90 किमी सड़क बनी थी लेकिन हमारी सरकार के 4 सालों में 8000 किमी सड़क बने। 100 गुना ज्यादा काम हुआ है लेकिन कांग्रेस के नामदार को 100 गुना में कितने जीरो लगेंगे, यह भी पता नहीं है।’

Related Articles

Back to top button