अजब-गजब

केरल का एक मजदूर रातोंरात बन गया करोड़पति, लॉटरी में मिले 12 करोड़ रुपए

केरल के कन्नूर का रहने वाला एक दिहाड़ी मजदूर रातों रात करोड़पति बन गया। उसने सपने में भी नहीं सोचा होगा कि वह जिस बैंक में कर्ज लेने के लिए जा रहा है, वहीं से उसे करोड़पति बनने की गुड न्यूज मिलने वाली है। कन्नूर के मालुर ग्राम पंचायत के कुरिचिया समुदाय से संबंध रखने वाले पी राजन ने लॉटरी में 12 करोड़ रुपए जीते हैं। यह लॉटरी राज्य सरकार की ओर से केरल क्रिसमस न्यू ईयर बंपर लॉटरी में लगी है।

इस लॉटरी का ड्रॉ सोमवार को निकाला गया था। लेकिन लॉटरी प्रशासन विजेता को खोज नहीं पाई। लॉटरी विजेता को लेकर फैली अफवाहों और दावों के बीच 52 वर्षीय पी राजन बैंक पहुंचे और बैंक मैनेजर को पहले पुरस्कार के लिए लॉटरी का टिकट दिया।

द हिन्दू में प्रकाशित खबर के अनुसार, पी राजन ने 12 करोड़ की लॉटरी जीतने पर कहा कि उनको पैसों की बहुत जरूरत है। बेटी की शादी और अन्य जरूरतों के लिए ऋण लिया था, जिसके बाद से वे कर्ज में डूबे हुए हैं। लॉटरी का प्राइज मनी उनको आशीर्वाद स्वरूप प्राप्त हुआ है।

राजन ने बताया कि व​ह कर्ज लेने के लिए बैंक गए थे, लेकिन उनको लोन नहीं मिला। जब वह दूसरी बार कर्ज लेने के लिए बैंक गए थे, तब उनको पता चला कि उन्होंने लॉटरी के 12 करोड़ रुपए जीत हैं।

राजन का एक बेटा और दो बेटी हैं। वे सबसे पहले 7 लाख रुपए का कर्ज उतारना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि वह कर्ज का भुगतान करने के बाद एक नया घर बनाना चाहते हैं। उन्होंने बताया कि उनके मकान की छत टूट गई है, बारिश के समय में छत से पानी टपकता है। वे इस पैसे को एक अच्छा घर बनाने में उपयोग करेंगे।

लॉटरी में 12 करोड़ रुपए जैसी बड़ी रकम जीतने से पी राजन के परिवार में खुशी का माहौल है।

Related Articles

Back to top button