Lucknow News लखनऊPolitical News - राजनीतिState News- राज्यTOP NEWSउत्तर प्रदेश

गांधी जयंती पर योगी सरकार के खिलाफ प्रियंका ने कार्यकर्ताओं संग निकाला मौन जुलूस

लखनऊ । चिन्मयानंद प्रकरण को लेकर योगी सरकार से दो-दो हाथ करने के लिए राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका वाड्रा राजधानी लखनऊ पहुंची हैं। लखनऊ एयरपोर्ट से वह शहीद स्मारक पहुंची हैं। यहां हजारों की संख्या में पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया।

यहां शहीदों की श्रद्धांजलि देने के बाद प्रियंका ने कार्यकर्ताओं के साथ मौन पदयात्रा शुरू कर दी है। यहां से वह जीपीओ स्थित गांधी प्रतिमा पहुंचकर पुष्पांजलि अर्पित करेंगी। कांग्रेसियों को शाहजहांपुर से पदयात्रा पुलिस-प्रशासन ने नहीं निकालने दी थी। अब गांधी जयंती पर बुधवार को कांग्रेस राजधानी में ताकत दिखाने की तैयारी में है। प्रदेशभर से जुट रहे कार्यकर्ताओं का नेतृत्व खुद राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका वाड्रा करेंगी और सरकार के खिलाफ मौन पदयात्रा निकाली जाएगी।

सोनभद्र और उन्नाव की तरह ही शाहजहांपुर कांड पर भी कांग्रेस ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल रखा है। पहले शाहजहांपुर से लखनऊ तक पदयात्रा निकालने का प्रयास किया, जिसे पुलिस प्रशासन ने रोक दिया। मंगलवार को हर जिले में धरना प्रदर्शन की घोषणा की गई, लेकिन अचानक आंदोलन की रूपरेखा बदल दी गई। गांधी जयंती पर पहले से जो पदयात्रा प्रस्तावित थी, उसे जनाक्रोश यात्रा नाम दे दिया गया।

दो दिवसीय हो सकता है प्रियंका का प्रवास

पदयात्रा के बाद प्रियंका प्रदेश मुख्यालय पहुंचेंगी। यहां कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर आगे के आंदोलन की रणनीति पर चर्चा कर सकती हैं। उसके बाद का कार्यक्रम अभी तय नहीं है, लेकिन सूत्रों का कहना है कि प्रियंका लखनऊ में दो दिन का प्रवास कर सकती हैं। वह यहां या रायबरेली में रात्रि विश्राम कर गुरुवार को शाहजहांपुर जा सकती हैं।

Related Articles

Back to top button