
चार साल के प्यार में मिला धोखा, प्रेमी ने तेल डालकर जलाया
उत्तर प्रदेश में पीलीभीत में चार साल तक प्रेम संबंध बनाए रखने के बाद एक युवक ने सिर्फ धोखा ही नहीं दिया, बल्कि युवती की जान लेने की भी कोशिश की।युवती बरेली के सिटी इलाके की रहने वाली है। उसके मुताबिक चार साल पहले उसकी जान पहचान यूनुस से हुई थी। यूनुस का कपड़े की फेरी का काम है। जिला अस्पताल में रुक-रुककर किए गए सवालों में युवती ने पुलिस को बताया कि चार साल तक यूनुस उससे शादी करने की बात कहता रहा। जबकि उसने बीच में कहीं और शादी कर ली थी।
युवती चाहती थी कि एक बार वह यूनुस से मिलकर पूछ ले कि क्यों धोखा दिया। यह जानने की कोशिश में युवती दो-तीन बार पीलीभीत पहुंची, मगर यूनुस उसे नहीं मिल सका। काफी प्रयासों के बाद रविवार को फोन पर बात हुई तो यूनुस ने बात करने के लिए उसे अपने घर पर बुला लिया।
युवती जब उसके घर पहुंची तो दरवाजा बंद मिला। युवती का आरोप है कि कई बार खटखटाने के बावजूद यूनुस ने दरवाजा नहीं खोला। कुछ देर बाद वह मकान के ऊपर के हिस्से में नजर आया, वह उससे कुछ कह पाती कि तभी यूनुस ने उसके ऊपर मिट्टी का तेल डाल दिया और आग लगा दी।
चीखने चिल्लाने पर घर से तो कोई निकलकर नहीं आया, आसपास के लोग जरूर पहुंच गए। उन्हीं लोगों ने सूचना देकर 108 एंबुलेंस बुलाई, जिसके बाद उसे जिला अस्पताल ले जाया गया। सूचना पर पहुंचे सीओ सिटी निर्मल सिंह विष्ट ने युवती से पूछताछ की। युवती का शरीर 80 प्रतिशत जलना बताया गया है। हालत गंभीर होने के कारण उसे बरेली रेफर कर दिया गया। इधर, पुलिस यूनुस की तलाश में उसके घर पहुंची, मगर वह नहीं मिला। उसके घर पर ताला लटका हुआ था।



