अपराधराष्ट्रीय

जलपाईगुड़ी विस्फोट : गिरफ्तार व्यक्ति पुलिस हिरासत में

jalसिलीगुड़ी (एजेंसी)। पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी में बम विस्फोट के सिलसिले में कामतापुर लिबरेशन संगठन (केएलओ) के एक पूर्व सदस्य को रविवार को गिरफ्तार किया गया। विस्फोट में छह लोग मारे गए थे। पुलिस के अनुसार चंदन राय को जलपाईगुड़ी जिले के मोयांगुरी इलाके से गिरफ्तार किया गया। जिला की एक अदालत ने राय को 1० दिनों के लिए पुलिस हिरासत में भेज दिया। पुलिस अधीक्षक अमित पी. जावेलगी ने कहा ‘‘चंदन राय को कुछ सूचनाओं के आधार पर गिरफ्तार किया गया है। कुछ और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।’’ इसके अलावा कुछ लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस विभिन्न एजेंसियों की मदद ले रही है। जांच बिलकुल सही दिशा में चल रही है। राय ने हालांकि खुद को बेकसूर बताया है। उसने कहा ‘‘मैं घर लौट रहा था कि उसी दौरान पुलिस ने मुझे उठा लिया। विस्फोट से मेरा कोई लेनादेना नहीं है।’’ लेकिन राय ने केएलओ के साथ अपने पूर्व के रिश्ते को स्वीकार किया है। उसने कहा ‘‘मैं पहले केएलओ में था। मैं इस कारण गिरफ्तार भी हुआ था। अब मेरा संगठन के साथ कोई रिश्ता नहीं है।’’ विस्फोट में हाथ होने से इनकार करते हुए केएलओ ने शुक्रवार को संगठन को बदनाम करने पर पुलिस को चेतावनी दी थी। पुलिस को गुरुवार को हुए धमाके में केएलओ का हाथ होने का संदेह है। बजरपारा इलाके में इंप्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) से विस्फोट कराया गया था। फोरेंसिक विशेषज्ञों ने विस्फोट स्थल का दौरा किया जबकि पूरे उत्तरी बंगाल में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने भी घटनास्थल का दौरा कर सबूत एकत्र किए हैं।

 

Related Articles

Back to top button