टॉप न्यूज़फीचर्डब्रेकिंग

तमिलनाडु में आतंकवादियों के घुसपैठ के बाद हाई अलर्ट, हिरासत में लिए गए 2 संदिग्ध

गुरुवार से तमिलनाडु लगातार हाई अलर्ट पर है। ऐसी जानकारी मिली है कि लश्कर के छह आतंकी राज्य में घुस आए हैं जो यहां किसी बड़ी आतंकी वारदात को अंजाम दे सकते हैं। माना जा रहा है कि यह पड़ोसी देश श्रीलंका से राज्य में घुसे हैं। रेलवे स्टेशन, एयरपोर्ट की सुरक्षा को बढ़ा दिया गया है। पूरा तटीय क्षेत्र सर्विलांस की जद में है। वहीं शनिवार को दो युवकों को पकड़ा गया है। माना जा रहा है कि इनके इस्लामिक मॉड्यूल के साथ संबंध हैं। इन्हें हिरासत में लेकर राज्य पुलिस की विशेष खुफिया इकाई (एसआईयू) पूछताछ कर रही है। कोयंबटूर में मौजूद पुलिस सूत्रों का कहना है कि हिरासत में लिए गए दो में से एक शख्स का नाम सादिक है। वह केरल के त्रिशूर का रहने वाला है और चेन्नई में काम करता है। वह गल्फ में स्थित अब्दुल खादर के साथ निरंतर संपर्क में था।

माना जाता है कि खादर पाकिस्तानी आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के इस्लामिक टेरर मॉड्यूल का मुखिया है। वहीं दूसरे का नाम जहीर है जो तमिलनाडु के उक्कडम का रहने वाला है। वह अक्सर सिद्दीक से फोन पर बातचीत किया करता था। सिद्दीक केरल से कोयंबटूर आया था। उसे एसआईयू के अधिकारियों ने बस स्टैंड पर गिरफ्तार किया था। जहीर को उसके घर से गिरफ्तार किया गया है।

एसआईयू राज्य पुलिस की एक विंग है जो इस्लामिक आतंकियों पर नजर रखती है। सिद्दीक और जहीर 30 साल की उम्र के हैं। उसे करुणय नगर पुलिस स्टेशन ले जाया गया है जहां उससे पूछताछ की जा रही है। एसआईयू के अलावा कोयंबटूर रेंज के उप महानिरीक्षक जी कार्तिकेयन भी जांच में शामिल हुए। सूत्रों ने बताया कि खुफिया अधिकारियों ने अब्दुल खादर की फोन कॉल की जांच करने पर पाया कि वह लगातार सिद्दीक के संपर्क में था जो अक्सर जहीर से बात करता था।

Related Articles

Back to top button