तिरुवनंतपुरम में भाजपा कार्यालय पर बम हमला

तिरुवनंतपुरम । केरल के तिरुवनंतपुरम में आज तड़के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यालय पर बम से हमला किया गया । पुलिस ने बताया कि कुन्नुकुझी में भाजपा राज्य कार्यालय पर कुछ अज्ञात लोगों ने हमला किया और देसी बम फेंका जिससे कार्यालय के शीशे टूट गये । भाजपा प्रदेश अध्यक्ष कुम्मानम राजशेखरन के कार्यालय के जाने के कुछ देर बाद यह घटना हुई।
इस घटना के विरोध में भाजपा ने आरोपी की तुरन्त गिरफ्तारी की मांग करते हुए सचिवालय मार्च का आह्वान किया है।
सत्तारूढ़ पार्टी मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने कहा कि इस घटना में उसके किसी कार्यकर्ता का हाथ नहीं है ।
इस घटना में शामिल आरोपियों की पहचान की कोशिश की जा रही है ।
तिरुवनंतपुरम कार्यालय पर हमले के विरोध में भाजपा गुरुवार को ‘काला दिवस’ मनायेगा। राजशेखरन ने संवाददाताओं से बातचीत में यह घोषणा की । उन्होंने माकपा पर भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) पर हिंसक हमले करने का आरोप लगाते हुए कहा कि माकपा राज्य में अन्य दलों को काम नहीं करने देना चाहती ।
