टॉप न्यूज़राज्यराष्ट्रीय

दरिंदगी का शिकार हुई 9 साल की बच्ची के माता-पिता से मिले राहुल गांधी

नई दिल्ली। राजधानी में 9 साल की बच्ची के साथ हुई दरिंदगी के बाद इस मुद्दे पर अब राजनीति गरमा रही है। आज बुधवार सुबह कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की है। दिल्ली के साउथ वेस्ट जिला के नांगल श्मशान घाट में 9 साल की बच्ची का कथित तौर पर रेप और उसके बाद हत्या कर दी गई। इस केस के सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में जहां गुस्सा है तो वहीं विपक्षी नेता इस मामले में सत्ता पक्ष को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं।

इस मामले में परिजनों के आरोप पर शमशान के पुजारी और तीन अन्य के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर सभी को पकड़ लिया गया है। बताया गया कि बच्ची श्मशान में लगे वाटर कूलर से ठंडा पानी लेने गई थी। वहीं पर मौजूद वहशी दरिंदों ने उसके साथ बलात्कार किया फिर पकड़े जाने के डर से बच्चे की हत्या कर दी। इसके बाद शमशान में शव को जला भी दिया। आरोपियों में से एक ने परिजनों को फोन करके बताया था कि सांप काटने से बच्चे की मौत हो गई थी। इस कारण उन्होंने शव का अंतिम संस्कार कर दिया।

डीसीपी इंगित प्रताप सिंह ने बताया कि रविवार रात 10:30 बजे कैंट पुलिस को पीसीआर कॉल पर घटना की जानकारी मिली थी। रविवार की रात नांगल गांव के श्मशान पर करीब 200 लोग जुटे हुए थे। पुलिस टीम ने श्मशान पहुंचकर बच्ची के माता-पिता से बात की। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने नौ साल की बच्ची से बलात्कार और हत्या की घटना की निंदा की और दोषियों को मौत की सजा देने की मांग की। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में कानून व्यवस्था की स्थिति में सुधार की जरूरत है।

पुलिस के मुताबिक संदिग्ध परिस्थितियों में बच्ची की मौत हो गयी जबकि उसके अभिभावकों ने आरोप लगाया कि बच्ची से बलात्कार हुआ और उसके शव को श्मसान के पुजारी ने जला दिया। पुलिस ने कहा कि लड़की की मां के बयान के आधार पर प्राथमिकी में दुष्कर्म के आरोप जोड़े गए हैं। मामले में पुजारी समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। केजरीवाल ने ट्वीट किया, ”दिल्ली में नौ साल की मासूम के साथ हैवानियत के बाद हत्या बेहद शर्मनाक है। दिल्ली में कानून-व्यवस्था दुरुस्त किए जाने की जरुरत है। दोषियों को जल्द से जल्द फांसी की सजा मिलनी चाहिए। कल पीड़ित परिवार से मिलने जा रहा हूं, न्याय की इस लड़ाई में परिवार की हरसंभव मदद करेंगे।”

Related Articles

Back to top button