दिल्लीफीचर्डराजनीतिराष्ट्रीय

दिल्ली की सरकार को लकवा मार गया है : नरेंद्र मोदी

osआगरा (एजेंसी)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार पर करारा हमला बोलते हुए गुरुवार को कहा कि केंद्र की सरकार को लकवा मार गया है। मोदी ने कहा कि कांग्रेस  सपा और बसपा की तिकड़ी से मुक्ति पाने का समय अब आ गया है। आगरा स्थित कोठी मीना बाजार मैदान में गुरुवार को जनसभा को संबोधित करते हुए मोदी ने केंद्र सरकार के साथ ही सूबे की वर्तमान समाजवादी पार्टी (सपा) सरकार और पूर्व में राज्य में शासन कर चुकी बहुजन समाज पार्टी (बसपा) पर जमकर हमला बोला। मोदी ने कहा कि सपा  बसपा और कांग्रेस तीनों वोट बैंक के लालच में तुष्टिकरण का खेल खेल रहे हैं। मोदी ने आगरा की चुनावी रैली में कहा  ‘‘पर्यटन के लिहाज से आगरा देश ही नहीं दुनिया भर में मशहूर है लेकिन केंद्र और राज्य सरकार की नाकामियों की वजह से ही आज आगरा पर्यटन के लिहाज से काफी पिछड़ा हुआ है। यहां के सारे कारखाने बंद हो चुके हैं। लोगों के पास रोजगार का अभाव है  इसलिए वे दूसरे राज्यों की तरफ  रुख कर रहे हैं।’’ मोदी ने रैली में आए लोगों से सवालिया लहजे में कहा  ‘‘क्या आगरा का विकास नही हो सकता? आगरा का विकास इसलिए नहीं हो रहा है क्योंकि दिल्ली में बैठी हुई सरकार की सोच में दम नहीं है।’’मोदी ने आगे कहा  ‘‘सरकार उप्र में मंत्रियों के जिलों में हवाईअड्डे बनवाने को मंजूरी दे सकती है  लेकिन आगरा को पर्यटन के लिहाज से विकसित करने में कठिनाई आ रही है। विकास के नाम पर राज्य और केंद्र सरकार एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप का खेल खेलते रहते हैं। आगरा में पीने का शुद्ध पानी लोगों को नही मिल पा रहा है। यह भी राज्य सरकार की एक नाकामी का हिस्सा है।’’ सपा की सरकार पर निशाना साधते हुए मोदी ने कहा कि लखनऊ में बैठे शासकों को इसकी परवाह नही है कि वह मानवीय आवश्यकताओं की पूर्ति करें। मोदी ने अपने आलोचकों को करारा जवाब देते हुए कहा  ‘‘राजनीतिक पंडित यह सवाल पूछते हैं कि गुजरात का मॉडल अन्य राज्यों में काम नही आएगा। यह सब ओछी मानसिकता का परिचायक है।’’ मोदी ने कहा  ‘‘दिल्ली की सरकार का भारत का भाग्य बदलने में कोई रूचि नहीं है। उन्हें किसानों की बेहतरी के लिए कोई काम करने से मतलब नहीं है। वे सिर्फ वोट बैंक की राजनीति के चलते जोड़-तोड़ की राजनीति करते हैं। ये लोग सिर्फ 25 प्रतिशत लोगों की राजनीति करते हैं  इनके लिए 75 फीसदी लोगों से कोई लेना देना नहीं है।’’ मोदी ने अपने भाषण में कांग्रेस पर तीखा प्रहार आगे भी जारी रखा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस एक विघटनकारी पार्टी है और उसे सिर्फ विभाजन से मतलब है। मोदी ने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि विभाजन करके राजनीति करना ही कांग्रेस की आदत है। उन्होंने कहा  ‘‘आजादी की लड़ाई के समय कांग्रेस ने देश का विभाजन किया और अब तुष्टिकरण की राजनीति के लिए उसने देश को दो खांचों में बांट दिया है। कांग्रेस की इसी विभाजनकारी नीति को सपा और बसपा ने आगे बढ़ाया है। ये लोग भी समाज में तुष्टिकरण का जहर फैलाकर राजनीतिक हित साधते हैं।’’ मोदी ने आगे कहा  ‘‘कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव में जनता से वादा किया था कि सरकार बनी तो एक करोड़ लोगों को रोजगार मुहैया कराएगी  लेकिन क्या आपको रोजगार मिला? आगरे के सारे कारखाने बंद हैं और यहां का युवा बेरोजगार होकर मारा मारा फिर रहा है।’’ कोयला घोटाले की चर्चा करते हुए मोदी ने कहा  ‘‘देश का कोयला भी इनके हाथों से नही बच पाया है। उच्चतम न्यायालय ने जब इन पर डंडा चलाया तब इन्होंने कहा कि फाइल ही गुम हो गई है।’’ मोदी ने कहा  ‘‘हमें तो लगता है कि फाइल के साथ सरकार ही गुम हो गई है। सरकार ही गुम नहीं हुई है बल्कि आम आदमी की लाईफ  भी गुम हो गई है।’’

Related Articles

Back to top button